IPL 2026: तिलक वर्मा पर कॉमेंट कर फंसे अर्शदीप सिंह- नस्लीय भेदभाव के लग रहे आरोप, देखें VIDEO
गुरुवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स की टीम का आमना-सामना धर्मशाला के मैदान पर था. इससे पहले पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह स्नैपचैट पर तिलक वर्मा से मौज ले रहे थे, जो उन्हें अब भारी पड़ गया है.
अर्शदीप सिंह @IPL-BCCI
IPL में इन दिनों अचानक से खराब फॉर्म का शिकार हुई पंजाब किंग्स (PBKS) पहले ही मुश्किलों में है. इसके साथ अब उसके स्टार लेफ्टआर्म तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी विवादों में फंस गए हैं. अर्शदीप सिंह ने मुंबई इंडियन्स के खिलाड़ी तिलक वर्मा से हल्के-फुल्के अंदाज में मौज ले ली. दोनों दोस्ताना अंदाज में बातचीत कर रहे थे लेकिन इससे अर्शदीप सिंह विवादों में फंस गए हैं. उन्होंने अपनी बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया वेबसाइट स्नैपचैट पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद अर्शदीप सिंह के शब्द फैन्स को रास नहीं आ रहा है. उन पर रंगभेद या नस्लभेद करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं.
यह वीडियो कथित तौर पर अर्शदीप ने 'स्नैपचैट' पर शेयर किया था, जिसमें खिलाड़ियों के बीच मजाक-मस्ती दिखाई गई. इस वीडियो में अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा के साथ एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान मजाक करते नजर आ रहे हैं. बातचीत के दौरान, अर्शदीप ने तिलक को 'अंधेरे' कहकर पुकारा, जो हिंदी का एक शब्द है और आमतौर पर अंधेरे या सांवलेपन से जुड़ा होता है. बाद में उन्होंने मजाक में कहा कि बल्लेबाज को सनस्क्रीन लगानी चाहिए.
इस क्लिप में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी नमन धीर भी नजर आए, जिन्हें अर्शदीप ने पंजाब का असली 'नूर' बताया, जिसका अर्थ 'रोशनी' होता है. नमन और अर्शदीप एक टेबल पर आमने-सामने बैठे हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा उनके करीब से होकर कहीं निकल रहे थे. इस दौरान जब नमन ने तिलक को इस शब्द का मतलब समझाया तो बल्लेबाज ने जवाब दिया कि वह पहले से ही सनस्क्रीन का इस्तेमाल करते हैं.
हालांकि, खिलाड़ियों के बीच यह बातचीत काफी हल्के-फुल्के अंदाज में थी, लेकिन वीडियो के सामने आते ही इसकी आलोचनाएं हो रही हैं. कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अर्शदीप की टिप्पणियों को नस्लवादी बताया है और इस पर गुस्सा दिखा रहे हैं.
कुछ यूजर्स ने इन टिप्पणियों को 'असंवेदनशील' बताया, जबकि अन्य लोगों ने यह सवाल उठाया कि क्या इतनी बड़ी ऑनलाइन फैन फॉलोइंग वाले पब्लिक फिगर्स के लिए इस तरह का मजाक करना उचित है.
ऐसा पहली बार नहीं है, जब अर्शदीप अपनी ऑनलाइन गतिविधियों के कारण विवादों में घिरे हैं. इससे पहले, उनके यू-ट्यूब चैनल पर पोस्ट किए गए एक व्लॉग पर भी जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली थी, जिसमें युजवेंद्र चहल को एक हवाई जहाज के अंदर वेपिंग करते हुए दिखाया गया था.
अर्शदीप सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं, जो 'बिहाइंड-द-सीन्स' (पर्दे के पीछे की) कॉन्टेंट के लिए जाने जाते हैं. इंस्टाग्राम पर अर्शदीप सिंह के 6.2 मिलियन से भी ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें