IPL फाइनल में गुजरात टाइटंस के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, आज तक किसी टीम ने नहीं किया था ऐसा
IPL 2026 Final RCB vs GT: फाइनल मैच में गुजरात ने अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. RCB की शानदार गेंदबाजी के सामने GT लगातार 40 गेंदों तक एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी.
चौंकाने वाली बात फाइनल मुकाबले में गुजरात सिर्फ तीन छक्के लगा पाई. (Photo from IANS)
आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में फैंस जहां गुजरात से चौकों-छक्कों की बारिश की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन मैदान में उल्टा हो गया. शुरुआत में गुजरात टाइटंस अच्छा कर रही थी, लेकिन RCB के गेंदबाजों ने ऐसा दबाव बनाया कि बल्लेबाज पूरी तरह बिखर गए. हालत ये हो गई कि शुभमन गिल की टीम लगातार 40 गेंदों तक एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी. आईपीएल फाइनल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब कोई टीम इतनी देर तक चौका-छक्का लगाने में नाकाम रही. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बैठे फैंस भी समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर गुजरात की मजबूत बल्लेबाजी को क्या हो गया.
RCB के गेंदबाजों ने बिछाया दबाव का जाल
पावरप्ले खत्म होने तक गुजरात टाइटंस का स्कोर 45/2 था और टीम संभली हुई दिख रही थी. लेकिन इसके बाद RCB के गेंदबाजों ने मैच का पूरा रंग बदल दिया. क्रुणाल पांड्या ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की शुरुआत की और फिर रसीख सलाम डार और जैकब डफी ने शॉर्ट बॉल और धीमी गेंदों से बल्लेबाज़ों को पूरी तरह बांध दिया. गेंदबाज लगातार हार्ड लेंथ पर बॉल डालते रहे, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं खेल पाए. ओवर दर ओवर सिर्फ सिंगल और डॉट बॉल आती रहीं और गुजरात की रन गति पूरी तरह रुक गई.
40 गेंदों तक नहीं आई एक भी बाउंड्री
निशांत सिंधु ने छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर आखिरी बाउंड्री लगाई थी. इसके बाद, गुजरात टाइटंस को अगली बाउंड्री लगाने के लिए पूरे 40 गेंदों का इंतजार करना पड़ा. इस दौरान टीम 45 रन से बढ़कर सिर्फ 79 रन तक पहुंच सकी और चार विकेट भी गंवा दिए. सातवें से बारहवें ओवर तक टीम के स्कोरिंग ओवर सिर्फ 5, 5, 4, 4, 4 और 6 रन के रहे - यानी बल्लेबाज़ सिर्फ किसी तरह विकेट बचाने की कोशिश करते नजर आए. सबसे करीबी मौका तब आया जब निशांत सिंधु ने रसीख की गेंद पर पुल शॉट खेला, लेकिन टिम डेविड ने शानदार फील्डिंग करते हुए चौका बचा लिया.
बटलर भी नहीं बदल पाए मैच का मोमेंटम
फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में सभी की नजरें जोस बटलर पर थीं, लेकिन वह भी RCB के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए. बटलर ने 23 गेंदों में सिर्फ 19 रन बनाए और कभी भी अपनी लय में नहीं दिखे. बेंगलुरु ने उनके खिलाफ बेहद स्मार्ट रणनीति अपनाई. क्रुणाल पांड्या ने आखिरकार उन्हें तेज और वाइड यॉर्कर पर चकमा देते हुए स्टंप आउट करा दिया. बटलर का विकेट गिरते ही गुजरात की वापसी की उम्मीदें भी लगभग खत्म हो गईं. दूसरी तरफ RCB के खिलाड़ी हर विकेट के बाद और ज्यादा जोश में नजर आ रहे थे.
अरशद खान ने तोड़ी बाउंड्री की खामोशी
लगातार दबाव और खराब बल्लेबाजी के बीच आखिरकार अरशद खान ने 13वें ओवर में क्रुणाल पांड्या की गेंद पर छक्का लगाकर GT की बाउंड्री का सूखा खत्म किया. क्रुणाल की थोड़ी फुल लेंथ गेंद को अरशद ने लेग साइड में जोरदार तरीके से भेजा. हालांकि, तब तक मैच का मोमेंटम पूरी तरह RCB की तरफ जा चुका था. चौंकाने वाली बात फाइनल मुकाबले में गुजरात सिर्फ तीन छक्के लगा पाई.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें