IPL 2026: GT vs RR- क्वॉलीफायर 2- आज वैभव सूर्यवंशी को हर हाल में जल्दी आउट करना चाहेगा गुजरात, पूर्व दिग्गज ने किया सावधान
आईपीएल के एलिमिनेटर मैच में अपना बेखौफ और विस्फोटक रूप दिखाकर वैभव सूर्यवंशी ने क्वालीफायर 2 में खड़ी गुजरात टाइटन्स को दहशत में डाल दिया है. यह टीम अब राजस्थान के बाकी खिलाड़ियों से ज्यादा उनके खिलाफ प्लान बनाने में बिजी होगी.
वैभव सूर्यवंशी @IPL-BCCI
आईपीएल 2026 के फाइनल में जाने के बेकरार खड़ी गुजरात टाइटन्स (GT) को अचानक 15 साल के लड़के ने चुनौती दे दी है. एलिमिनेटर मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पर टूट कर पड़े वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात को भी चक्कर दिला दिए हैं. अगर ऐसा ही रूप उन्होंने शुक्रवार की शाम को गुजरात के खिलाफ दिखा दिया तो फिर क्या होगा.
सीजन की शुरुआत से पहले ही वैभव ने कर दिया था ऐलान
फाइनल में जाकर खिताब जीतने का सपना सिर्फ गुजरात का ही नहीं बल्कि राजस्थान रॉयल्स का भी है. 15 वर्षीय वैभव ने तो टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही बता दिया था कि वह इस बार रॉयल्स को चैम्पियन बनते देख रहे हैं. अब वह खेल भी वैसा ही रहे हैं. एलिमिनेटर जैसे मैच का रुख उन्होंने अपने ही दम पर तय कर दिया था, जब सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए.
अनिल कुंबले ने चेताया
भारत के पूर्व दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले का मानना है कि अगर दूसरे क्वालीफायर में वैभव सूर्यवंशी पावरप्ले तक टिक गए, तो इसका आरआर को बहुत फायदा मिलेगा.
ऐसे GT पर भारी पड़ सकती है RR
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद कुंबले को लगता है कि राजस्थान रॉयल्स अभी भी दूसरे क्वालीफायर में अंडरडॉग के तौर पर मुकाबले में उतरेगी. हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर वैभव एक और दमदार पारी खेलने में सफल रहे, तो आरआर जीटी पर भारी पड़ सकती है.
कुंबले ने वैभव पर लगाया दाव
कुंबले ने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, 'इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. यह सच में मुश्किल है, क्योंकि राजस्थान ने अच्छा किया है. फिर भी वे अभी भी अंडरडॉग लगते हैं. मुझे लगता है कि मैं आरआर के साथ जाऊंगा. मुझे अभी भी उम्मीद है कि वैभव वैसा ही प्रदर्शन करेंगे, जैसा उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में किया. वैभव अगर अपने प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे, तो इसका फायदा राजस्थान रॉयल्स को मिलेगा.'
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में शानदार रहा है. वह 15 मुकाबलों में 242 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 680 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप उनके सिर की शोभा बढ़ा रही है. एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों में 97 रनों की दमदार पारी खेली, जिसके बूते आरआर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही.
अगर पूरा पावरप्ले खेल गए सूर्यवंशी तो!
भारत के इस पूर्व कप्तान ने आगे कहा, 'ऑरेंज कैप वैभव सूर्यवंशी के पास है और यह सिर्फ एक बार या कुछ टीमों के खिलाफ ऐसा करने से नहीं होता है. उन्होंने पिछले दो महीनों में लगातार ऐसा किया है, और यह इस युवा खिलाड़ी के बारे में बहुत कुछ कहता है. यह सिर्फ मैदान पर जाकर कुछ छक्के मारने के बारे में नहीं है, भले ही वह अब सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले खिलाड़ी हैं. अगर वह पूरे पावरप्ले में बैटिंग करते हैं, तो आरआर को फायदा होगा.'
बॉलिंग में गुजरात की क्या है ताकत
हालांकि, कुंबले ने बताया कि गुजरात टाइटंस के पास एक मजबूत गेंदबाजी अटैक है. वे राजस्थान रॉयल्स को पारी की शुरुआत में दबाव में डाल सकते हैं. उन्होंने कहा, 'जीटी के पास एक बहुत ही तय प्लान है. उनके पास मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा हैं, जो शुरुआती में तीन-तीन ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं, और यहीं से मैच बदल सकता है.'
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें