इस सीजन खराब शुरुआत के बाद उबर रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पास अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बाकी है. हालांकि इस कड़ी में राजस्थान रॉयल्स से यह उम्मीद भी करनी होगी कि वह कम से कम अपने एक मैच में हार का मुंह देखे और लड़खड़ाई पंजाब किंग्स भी अपने प्रदर्शन को पलट न दे. बुधवार को उसका मुकाबला 5 बार की चैम्पियन मुंबई से अपने घर पर है. केकेआर ने इस सीजन की शुरुआत मुंबई के ही खिलाफ की थी, जब उसे 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. यहां उसके पास मुंबई से इस हार का बदला लेने और प्लेऑफ की दौड़ में खुद को बनाए रखने का शानदार मौका है.
इस सीजन केकेआर की शुरुआत बहुत खराब रही, जब उसने सीजन के पहले 6 मैचों तक जीत के दर्शन नहीं किए और 5 में हार का मुंह देखना पड़ा. वहीं मुंबई की टीम पहले ही अंतिम 4 की दौड़ से बाहर हो चुकी है. ऐसे में अब वह अपने बाकी के बचे मैचों में दूसरी टीमों के रंग में भंग डालने की कोशिश करेगी. इससे वह उन टीमों को भी उसी कश्ती में लाना चाहेगी, जिसमें वह सवार है.
अगर KKR इस मैच में हार जाती है, तो अजिंक्य रहाणे के नेतृत्व में लगातार दूसरे सत्र में उसकी टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहेगी. श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में खिताब जीतने के एक साल बाद 2025 में केकेआर 8वें स्थान पर रहा था. मुंबई के खिलाफ जीत से भी केकेआर का काम पूरा नहीं होगा. अगर पंजाब वह मैच जीत जाता है, तो रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर का आखिरी लीग मैच महज औपचारिकता रह जाएगा.
मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं.
इससे 5 टीम पंजाब किंग्स (13 अंक), राजस्थान रॉयल्स (12), चेन्नई सुपर किंग्स (12), दिल्ली कैपिटल्स (12) और कोलकाता नाइट राइडर्स (11) बाकी बचे एक प्लेऑफ स्थान हासिल करने की दौड़ में हैं. इनमें से केवल राजस्थान रॉयल्स और केकेआर के ही दो मैच बचे हैं. राजस्थान के लिए सबसे सरल समीकरण है. लखनऊ और मुंबई के खिलाफ अपने बचे हुए दोनों मैच जीतकर 16 अंक हासिल करके क्वॉलीफाई करना.
दूसरी ओर केकेआर को न केवल अपने दोनों मैच जीतने होंगे, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि पंजाब की टीम लखनऊ से हार जाए. पंजाब का नेट रन रेट केकेआर से बेहतर है. केकेआर ने अपने पिछले छह मैचों में से पांच में जीत हासिल की है लेकिन टूर्नामेंट के शुरू में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिससे टीम को काफी नुकसान हुआ.
कप्तान रहाणे और कोच अभिषेक नायर को विनिंग कॉम्बिनेशन तय करने में लगभग सात मैच लग गए. फिन एलन ने शीर्ष क्रम में अपनी फॉर्म को फिर से हासिल कर लिया है. उन्होंने अपनी पिछली तीन पारियों में एक शतक और 93 रन की तूफानी पारी खेली है, जबकि युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन का आत्मविश्वास हर मैच के साथ बढ़ता जा रहा है.
शीर्ष क्रम में रहाणे एकमात्र कमजोर कड़ी रहे हैं, लेकिन उपकप्तान रिंकू सिंह ने मध्य क्रम में फिनिशर की अपनी भूमिका को बखूबी निभाया है. केकेआर के लिए गेंदबाजी विभाग में मथीशा पथिराना और वरुण चक्रवर्ती की चोट चिंता का विषय है.
मुंबई इंडियंस अब अपने निराशाजनक सत्र का अंत जीत के साथ करना चाहेगा. उसके कप्तान हार्दिक पंड्या इस मैच में वापसी कर सकते हैं. वह चोट के कारण पिछले तीन मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्होंने सोमवार को जमकर अभ्यास किया. हार्दिक का प्रदर्शन हालांकि अभी तक अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने 8 पारियों में 20.85 के औसत से 146 रन बनाए हैं, जबकि लगभग 11.90 की इकॉनमी रेट से केवल 4 विकेट लिए हैं.
मुंबई के लिए इस सत्र में उसके स्टार भारतीय खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. इसके अलावा रोहित शर्मा और तिलक वर्मा के प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव रहा है.
(एजेंसी से)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.