IPL 2026: MI vs RCB- अंपायर को नजरअंदाज कर खुद मास्टर बन रहे थे टिम डेविड, लगा तगड़ा जुर्माना, हार्दिक पांड्या भी नहीं बचे

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:April 13, 2026 11:04 PM IST

रविवार को मुंबई और बेंगलुरु मैच के दौरान टिम डेविड खुद ही गेंद को बार-बार चेक कर रहे थे, नियमों के मुताबिक खिलाड़ी ऐसा नहीं कर सकते हैं. उन पर तगड़ा जुर्माना लगा है. वहीं मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या को भी इस जुर्म में मिली सजा.

मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज टिम डेविड (Tim David) पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. हार्दिक और डेविड को आईपीएल 2026 में एमआई बनाम आरसीबी के बीच खेले गए मुकाबले में आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने की सजा दी गई है.

Advertising
Advertising

आरसीबी के लिए खेल रहे डेविड पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और लेवल 1 के अपराध की वजह से एक डिमेरिट पॉइंट मिला. डेविड को आर्टिकल 2.4 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान अंपायर के निर्देश को नजरअंदाज करने से जुड़ा है. आरसीबी की पारी के 18वें ओवर में अंपायर ने गेंद बदलने का फैसला किया था. इसी दौरान डेविड ने जांच करने के लिए बॉल हाथ में ली थी और अंपायर्स के लगातार मांगने के बावजूद वह गेंद को लौटा नहीं रहे थे.

इसके बाद पारी के आखिरी ओवर में एक बार फिर टिम डेविड ठीक इसी तरह का बर्ताव करते हुए नजर आए थे, जिससे अंपायर्स नाखुश दिखाई दिए थे. आरसीबी के बल्लेबाज ने अपनी गलती मान ली है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है. वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर इस मुकाबले के दौरान धीमे ओवर-रेट के लिए 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया. चूंकि यह आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत मुंबई इंडियंस की इस सीजन की पहली गलती थी, इसलिए सिर्फ जुर्माना लगाया गया.

वानखेड़े के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 240 रन लगाए. टीम की ओर से फिल साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 78 रनों की दमदार पारी खेली. वहीं, विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि रजत पाटीदार ने सिर्फ 20 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की शानदार पारी खेली. अंत के ओवरों में टिम डेविड ने 16 गेंदों में 34 रनों की नाबाद पारी खेली.

आरसीबी से मिले 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 222 रन ही बना सकी. रेयान रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 37 रन बनाए तो रोहित शर्मा 13 गेंदों में 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए. वहीं, सूर्यकुमार यादव अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 22 गेंदों में 33 रन बनाकर क्रुणाल पांड्या का शिकार बने.

कप्तान हार्दिक पांड्या ने 22 गेंदों में 40 रनों का योगदान दिया. अंत के ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे. आईपीएल 2026 में एमआई 4 मुकाबलों में से सिर्फ एक में ही जीत दर्ज कर सकी है, जबकि 3 मुकाबलों में मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा है.

(एजेंसी: आईएएनएस)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें