IPL 2026: लगातार दो हार के बाद दमदार RCB से उसके घर में भिड़ने उतरेगी दिल्ली कैपिटल्स, क्या कर पाएगी वापसी?
IPL में इस सीजन अब तक मिला जुला प्रदर्शन कर रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैदान पर उतरेगी.
दिल्ली कैपिटल्स का RCB से मैच @IPL-BCCI
IPL में शनिवार की दोपहर दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ उसके घर में खेलने उतरेगी. अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली ने इस सीजन शानदार शुरुआत की थी, जब उसने पहले दो मैच जीत लिए थे. लेकिन तीसरे मैच में गुजरात के खिलाफ वह 1 रन से हार गई, जिसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी उसे मात दी. अब वह दमदार खेल दिखा रही बेंगलुरु के खिलाफ उसके घर में उतरेगी. ऐसे में उसकी वापसी की राह आसान नहीं होगी क्योंकि इस सीजन अपना खिताब बचाने की उम्मीद में उतरी बेंगलुरु धआंधार खेल दिखा रही है. ऐसे में वह दिल्ली के खिलाफ भी यहां होने वाले मैच में भी अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश करेगी.
आरसीबी की टीम में अभी तक सारा ध्यान विराट कोहली पर केंद्रित रहा है और इस दिग्गज बल्लेबाज ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया है. उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप उनके पास है. लेकिन कोहली भी यह स्वीकार करेंगे कि आरसीबी की बल्लेबाजी अब पूरी तरह से उन पर निर्भर नहीं है. कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट और टिम डेविड ने इस सत्र में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विशेष छाप छोड़ी है और वे दिल्ली के खिलाफ इसे जारी रखना चाहेंगे.
पाटीदार ने छक्के जड़ने की अपनी काबिलियत का शानदार नमूना पेश किया है. वह पांच मैच में 21 छक्के लगाकर शीर्ष पर काबिज हैं. अन्य बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से कोहली को अपना नैसर्गिक खेल खेलने की छूट मिली है. इसके विपरीत दिल्ली के बल्लेबाज अभी तक जूझते रहे हैं और वह सामूहिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.
दिल्ली के पास केएल राहुल, पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर और नीतीश राणा जैसे कुछ अनुभवी बल्लेबाज हैं, लेकिन उनमें से कोई भी अब तक लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है. दिल्ली अभी चार अंकों के साथ तालिका में 5वें स्थान पर है. युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने ही कुछ हद तक जुझारूपन दिखाया है. उन्होंने दो अर्धशतक बनाए हैं लेकिन उनके प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव है.
दिल्ली ने अभी तक मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत हासिल की है और यह दोनों टीम भी उसी की तरह संघर्ष कर रही है. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने इस सत्र में अभी तक निराशाजनक प्रदर्शन किया है. उन्होंने चार मैचों में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं और उतने ही रन बनाए हैं.
दिल्ली की गेंदबाजी में भी निरंतरता का अभाव स्पष्ट नजर आ रहा है. बाएं हाथ की कलाई की स्पिनर कुलदीप यादव पूरी तरह से लय से बाहर नजर आ रहे हैं. उन्होंने प्रति ओवर लगभग 10 रन लुटाते हुए सिर्फ तीन विकेट लिए हैं, जबकि तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और टी नटराजन भी टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं. आरसीबी के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को रोकना दिल्ली के गेंदबाजों के लिए कड़ी चुनौती होगी.
दूसरी तरफ आरसीबी की गेंदबाजी भी काफी मजबूत नजर आ रही है. उसके पास ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अगुवाई में एक सक्षम गेंदबाजी इकाई है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें