IPL 2026: गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर दूसरी बार IPL चैम्पियन बनी RCB, विराट जीत के स्टार
अहमदाबाद में खेले गए इस फाइनल मैच में शुरुआत से ही RCB का दबदबा देखने को मिला. पहले उसके गेंदबाजों ने GT को सिर्फ 155 रनों पर रोक दिया. इसके बाद आराम से जीत अपने नाम कर लिया.
IPL Final (Image: X/IPL)
RCB Beat GT and Clinch Their 2nd IPL Title: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में अपना खिताब बचाने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने मिशन में कामयाब हो गई है. उसने गुजरात टाइनटन्स को 5 विकेट से धोकर अपना दूसरा खिताब अपने नाम कर लिया. पहले खिताब के लिए 18 साल का इंतजार करने वाली बेंगलुरु ने बैक टू बैक 2 खिताब अपने नाम कर लिए हैं. आईपीएल में अपने खिताब बचाने वाली वह तीसरी टीम बन गई है. उससे चेन्नई सुपर किंग्स (2010, 2011) और मुंबई इंडियन्स (2019 और 2020) में यह कारनामा किया था. इस मैच में जीत के लिए उसे 156 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 18 ओवर में अपने नाम कर लिया. विराट ने छक्का जड़कर टीम को शानदार जीत दिलाई.
सिर्फ 155 रन बना पाई गुजरात
रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में RCB ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. उसकी ओर से उसके तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से GT को झटके देकर दबाव में रखा. रसिक सलाम डार (3/27), भुवनेश्वर कुमार (2/29) और जोश हेजलवुड (2/37) की दमदार बॉलिंग के सामने गुजरात की टीम 5 विकेट गंवाकर सिर्फ 155 रन ही बना पाई.
अय्यर-कोहली ने दी ताबड़तोड़ शुरुआत
इस आसान लक्ष्य का पीछा करने में विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी ताबड़तोड़ शुरुआत कर उसे मैच से बाहर करने के अपने इरादे बता दिए. अय्यर 16 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए. पडीक्कल (1) और कप्तान रजत पाटीदार (15) इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए, जबकि क्रुणाल पांड्या (1) भी सस्ते में आउट हो गए, लेकिन अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने एक छोर अंत तक संभाले रखा और टीम के लिए तेजी से रन बनाते रहे.
अंत तक नाबाद रहे कोहली बनने नहीं दिया दबाव
कोहली ने अपनी सूझबूझ भरी पारी से टीम पर कोई संकट नहीं आने दिया और सीजन की 5वीं, जबकि आईपीएल करियर की 67वीं हाफ सेंचुरी ठोककर टीम की जीत तय कर दी. विराट ने 42 गेंदों की इस पारी मेंं नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के भी शामिल रहे.
फाइनल में चुनौती नहीं दे पाई GT
इससे पहले GT की टीम को अपने घरेलू मैदान पर टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग का न्योता मिला था. शुभमन गिल (10) और साई सुदर्शन (12) की जोड़ी ने शुरुआत 2 ओवर में अच्छी शुरुआत की थी लेकिन भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी ने उन्हें खतरनाक होने से पहले ही चलता कर दिया. 26 रनों पर दोनों ओपनरों को गंवा देने वाली GT को कुछ पल निशांत सिंधू (20) और जोस बटलर (19) ने कुछ संभालने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बन पाई.
वॉशिंग्टन के अलावा नहीं चला GT का कोई बल्लेबाज
GT की ओर से वॉशिंग्टन सुंदर (50*) के अलावा कोई भी बल्लेबाज अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाया. इसके चलते टीम यहां RCB के खिलाफ कोई चुनौतीपूर्ण स्कोर नहीं खड़ा कर पाई.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें