IPL 2026: सचिन तेंदुलकर ने बताया- भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन किया क्या खास? कैसे ले रहे धड़ाधड़ विकेट
RCB के लिए खेल रहे भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में टॉप पर हैं. उन्होंने 27 विकेट अपने नाम किए और उनकी टीम खिताब जीतने के करीब है.
भुवनेश्वर कुमार @IPL_BCCI
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे सीनियर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन आईपीएल में जोरदार जलवा बिखेरा है. लगातार 16वें सीजन आईपीएल में खेल रहे इस स्विंग गेंदबाज ने इस सीजन 28 विकेट अपने नाम कर लिए हैं. वह पर्पल कैप की दौड़ में कगिसो रबाडा के साथ मुकाबले में हैं. 36 वर्षीय भुवी का आईपीएल करियर में यह उनका सबसे शानदार प्रदर्शन है. महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भुवी के इस कारनामे की वजह बताई है. उन्होंने कहा भुवी इस बार वॉबली सीम का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसे बल्लेबाज भांप नहीं पा रहे हैं और उनका शिकार बन रहे हैं.
बता दें भुवी ने पहली बार किसी आईपीएल सीजन में 28 विकेट अपने नाम किए हैं. इसके अलावा 8 सीजन बाद उन्होंने किसी सीजन में 20 या इससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं. पर्पल कैप की दौड़ में उनके मुकाबले में जीटी के कगिसो रबाडा बने हुए हैं, जिन्होंने अब तक 28 विकेट अपने नाम किए हैं.
भुवनेश्वर ने आईपीएल में 8 सीजन बाद 20 या इससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया है. इससे पहले उन्होंने सीजन 2017 में 26 विकेट अपने नाम किए थे, जब वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का हिस्सा थे.
सचिन ने भुवनेश्वर की तारीफ करते हुए कहा कि भुवनेश्वर की वॉबली सीम’ के साथ सीधी लाइन पर की जा रही सटीक गेंदबाजी ने IPL में बेहतरीन बल्लेबाजों को भी भ्रमित कर दिया है.
वॉबल सीम तेज गेंदबाजी की ऐसी तकनीक है, जिसमें गेंदबाज गेंद को छोड़ते समय जानबूझकर उसकी सीम (सिलाई) को सीधा नहीं रखता, बल्कि उसे थोड़ा टेढ़ा कर देता है. इससे गेंद हवा में लहराती हुई जाती है और पिच पर टप्पा खाने के बाद किसी भी दिशा में मुड़ सकती है.
36 वर्षीय भुवनेश्वर ने भारत के लिए अपना पिछला मैच 2022 में खेला था. मेरठ के इस अनुभवी गेंदबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फाइनल तक के सफर में युवा और अनुभवी दोनों तरह के बल्लेबाजों को परेशान किया है.
तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स’ पर लिखा, 'भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन में वास्तव में शानदार गेंदबाजी की है. पिछले सीजनों में वह बड़ी आउटस्विंगर और उसके बाद बड़ी इनस्विंगर गेंद डालते थे. शायद यह उनका सोचा-समझा फैसला रहा हो, लेकिन इस बार वह जितना संभव हो सके, उतनी सीधी लाइन पर गेंदबाजी कर रहे हैं.'
उन्होंने कहा कि बल्लेबाज भुवनेश्वर की कलाई की स्थिति को पढ़ पाने में असफल हो रहे हैं और गेंद पिच पर पड़ने के बाद किस दिशा में मूव करेगी, इसका अनुमान नहीं लगा पा रहे हैं.
तेंदुलकर ने कहा, 'भुवनेश्वर वॉबली सीम के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं और गेंद पिच पर पड़ने के बाद किस दिशा में जाएगी, इसे लेकर बल्लेबाज दुविधा में रहते हैं. उनकी गेंदबाजी बेहद सटीक रही है. उनकी लाइन ऑफ स्टंप या अधिकतम चौथे स्टंप की लाइन पर रहती है. वह उसी चैनल में लगातार गेंदबाजी कर रहे हैं और सीम की हलचल बल्लेबाजों को भ्रमित कर रही है.'
उन्होंने कहा, 'बल्लेबाजों को उनकी कलाई से कोई संकेत नहीं मिलता. यही बात उनके लिए भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है और भुवनेश्वर को सफलता दिला रही है.'
(एजेंसी इनपुट्स से)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें