IPL Final: बारिश से धुला RCB vs GT का फाइनल मुकाबला तो कौन बनेगा विजेता? क्या रिजर्व-डे का प्रावधान है, जानिए सारे नियम

Written By: Shivendra Rai Updated by: Shivendra Rai
Updated Date:May 31, 2026 12:56 PM IST

RCB vs GT: अगर बारिश रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच होने वाले IPL फाइनल में विलेन बनती है तो क्या होगा? अगर आपके मन में भी ये सवाल है तो जवाब यहां जानिए.

IPL 2026 Final: IPL 2026 का खिताबी मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच ये मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा. लेकिन, इससे पहले लोगों के मन में ये सवाल भी है कि अगर बारिश मैच में खलनायक बनती है और मुकाबले का निर्णय नहीं हो पाता तो क्या होगा? क्या फाइनल मुकाबले के लिए कोई रिजर्व-डे रखा गया है? आइये जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब.

Advertising
Advertising

बारिश बनी विलेन तो...

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच होने वाले फाइनल में बारिश विलेन भी बन सकती है. इसीलिए टूर्नामेंट के नियम इस तरह से बनाए गए हैं कि फाइनल एक चैंपियन जरूर चुना जाए. लीग-स्टेज के मैचों में अगर कोई मैच रद्द हो जाता है तो पाइंट्स बांटे जाते हैं. लेकिन, IPL फाइनल को लेकर अलग नियम बनाए गए हैं. IPL फाइनल के लिए एक रिज़र्व डे रखा गया है. मौसम की वजह से होने वाली रुकावटों को मैनेज करने के लिए ऐसा किया गया है.

अगर बारिश की वजह से मैच तय दिन पर पूरा नहीं हो पाता है तो रिजर्व डे पर मैच को जारी रखा जा सकता है या मुकाबला दोबारा खेला जा सकता है. यह इस बात पर निर्भर करेगा कि रुकावट से पहले कितना खेल हो पाया था. IPL 2026 फाइनल के लिए रिजर्व डे 1 जून (सोमवार) तय है.

अगर बारिश की वजह से खेल रुक जाए तो...

अगर मैच शुरू हो जाता है और बीच में बारिश आ जाती है तो सबसे पहले टूर्नामेंट नियमों के तहत उपलब्ध अतिरिक्त समय का इस्तेमाल करके तय दिन पर खेल पूरा करने की कोशिश की जाएगी. अगर पूरे 20 ओवर का मैच मुमकिन नहीं हो पाता है, तो दोनों पारियों से ओवर कम किए जा सकते हैं. नियमों के हिसाब से दोनों टीमों के लिए कम से कम पांच ओवर का मैच होना जरूरी है.

क्या फाइनल में सुपर ओवर हो सकता है?

हां...अगर फाइनल मैच टाई हो जाता है तो फैसला करने के लिए सुपर ओवर का इस्तेमाल किया जाएगा. सुपर ओवर भी IPL के दूसरे मैचों की तरह ही खेला जाता है. इसमें सिर्फ 1 ओवर का गेम होता है और केवल तीन खिलाड़ी ही बैटिंग कर सकते हैं. अगर सुपर ओवर भी टाई हुआ तो दूसरा सुपर ओवर खेला जाएगा. ये तब तक चलता रहेगा जब तक कि मैच का नतीजा न निकल जाए.

अगर रिजर्व डे भी बारिश से धुल जाए तो...

अगर फाइनल के दिन बारिश होती है और मैच रिजर्व डे के लिए टाल दिया जाता है लेकिन, इस दिन भी बारिश या मैदान गीला होने के कारण खेल नहीं हो पाता तो रेगुलर सीजन के आखिर में लीग स्टैंडिंग में जिस टीम की रैंक सबसे ऊपर होती है, उसे ही विजेता घोषित कर दिया जाता है. यह नियम टूर्नामेंट के लिए सबसे आखिरी टाई-ब्रेकर का काम करता है. जब मैदान पर खेलकर कोई नतीजा निकालना मुमकिन ही न हो तब ये तरीका अपनाया जाता है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें