IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स को मसल कर अंकतालिका में और दमदार हुई RCB, पर्पल कैप पर छाया स्विंग का सरताज

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:April 28, 2026 9:48 AM IST

सोमवार को दिल्ली के खिलाफ सिर्फ 5 रन देकर 3 विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार ने पर्पल कैप पर कब्जा कर लिया है. इस समय 14 विकेट लेने वाले 3 गेंदबाज हैं लेकिन भुवी का सबसे बढ़िया औसत है.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में सोमवार को अपने घर में डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ उतरी दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में दिल्ली ने अपने आईपीएल करियर का तीसरा सबसे खराब मैच खेला, जब उसकी पूरी टीम सिर्फ 75 रन बनाकर ढेर हो गई. किसी मैच में पहले बैटिंग करते हुए यह उसका दूसरा सबसे खराब स्कोर है. इससे पहले साल 2017 में वह पंजाब के खिलाफ सिर्फ 67 रनों पर ऑलआउट हो चुकी है.

Advertising
Advertising

दिल्ली को सस्ते में समेटकर RCB ने मजबूत किया NRR

बेंगलुरु ने इस मैच को सिर्फ 6.3 ओवर में अपने नाम कर 2 अंकों के साथ-साथ अपना नेट रन रेट (NRR) भी मजबूत कर लिया है. अंक तालिका में अब वह 12 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है. फिलहाल उसका नेट रन रेट (+1.919) सबसे बेहतर है. इस समय पंजाब किंग्स की टीम 7 में से 6 मैच जीतकर और बगैर कोई मैच हारे 13 अंकों के साथ टॉप पर बरकरार है.

IPL 2026- 39वें मैच के बाद प्वॉइट्स टेबल का हाल

रैंक टीम मैच (P) जीत (W) हार (L) नो रिजल्ट (NR) अंक (Pts) नेट रन रेट (NRR)
1 पंजाब किंग्स (PBKS) 7 6 0 1 13 +1.333
2 रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) 8 6 2 0 12 +1.919
3 सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) 8 5 3 0 10 +0.815
4 राजस्थान रॉयल्स (RR) 8 5 3 0 10 +0.602
5 गुजरात टाइटंस (GT) 8 4 4 0 8 -0.475
6 चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 8 3 5 0 6 -0.121
7 दिल्ली कैपिटल्स (DC) 8 3 5 0 6 -1.060
8 कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 8 2 5 1 5 -0.751
9 मुंबई इंडियंस (MI) 7 2 5 0 4 -0.736
10 लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) 8 2 6 0 4 -1.106

आरसीबी 8 मैचों से 12 अंक लेकर दूसरे, सनराइजर्स हैदराबाद 8 मैचों से 10 अंक लेकर तीसरे और राजस्थान रॉयल्स 8 मैचों से 10 अंक लेकर चौथे स्थान पर है.

इस करारी हार के बाद भी 7वें पायदान पर है दिल्ली

गुजरात टाइटंस 8 मैचों से 8 अंक लेकर 5वें, चेन्नई सुपर किंग्स 8 मैचों से 6 अंक लेकर छठे, दिल्ली कैपिटल्स 8 मैचों से 6 अंक लेकर 7वें, कोलकाता नाइट राइडर्स 8 मैचों से 5 अंक लेकर 8वें, मुंबई इंडियंस 7 मैचों से 4 अंक लेकर 9वें और लखनऊ सुपर जायंट्स 8 मैचों से 4 अंक लेकर 10वें स्थान पर है. समान अंकों के बावजूद कई टीमों की रैकिंग में उनकी नेट रन रेट की वजह से अंतर है.

ऑरेंज कैप पर सनराइजर्स के अभिषेक शर्मा का नाम

डीसी और आरसीबी मैच के बाद ऑरेंज कैप में कोई बदलाव नहीं हुआ है. ऑरेंज कैप अभी भी अभिषेक शर्मा के पास है. अभिषेक ने 8 मैचों में 380 रन बनाए हैं.

भुवनेश्वर कुमार हुए पर्पल

पर्पल कैप आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास चली आई है. भुवनेश्वर ने डीसी के खिलाफ हुए मैच में घातक गेंदबाजी की थी और 3 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट लिए थे. भुवनेश्वर कुमार के 8 मैचों में 14 विकेट हो गए हैं. भुवी के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अंशुल कंबोज और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के अहसान मलिंगा के खाते में भी 14-14 विकेट हैं. लेकिन इन दोनों ही गेंदबाजों का औसत भुवी के 16.86 से कहीं नीचे है. अंशुल का औसत 16.93 और मलिंगा का यह बॉलिंग औसत 18.21 है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें