
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान (Irfan Pathan) ने भी टी20 फॉर्मेट में भारत के उपकप्तान और ओपनिंग बल्लेबाज शुभमन गिल की खराब फॉर्म पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि यह स्थिति उन पर व्यक्तिगत दबाव बनाने के साथ-साथ टीम मैनेजमेंट पर भी दबाव बढ़ा रही है, जिसने उन्हें यह लय में चल रहे संजू सैमसन को हटाकर मौका दिया था. इरफान जियो हॉटस्टार पर यह चर्चा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अब संजू सैमसन को भी वापस लाकर उनसे सीधे रन बनाने की आस करना आसान नहीं होगा क्योंकि उन्हें भी अपनी लय तलाशने में समय लगेगा.
भारत के लिए टी20 में ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर सैमसन काफी सफल रहे थे. इसके बाद जब गिल को टी20 उपकप्तान बनाया गया तो सैमसन की जगह उन्हें सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतारा गया. भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान गिल हालांकि खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए.
पठान ने कहा, ‘शुभमन गिल कह सकते हैं कि उन्होंने एक बहुत अच्छी गेंद पर अपना विकेट गंवाया. अगर गिल फॉर्म में होते तो वे उस गेंद को आसानी से खेल लेते. वे फॉर्म में नहीं हैं, जहां तक कप्तान सूर्यकुमार यादव की बात है तो मुझे लगता है कि उन्हें अपने ऑफ साइड के खेल पर ध्यान देने की जरूरत है. जब वे आउट हुए तो वे पूरी तरह से गलत पोजीशन में थे.’
उन्होंने कहा, ‘गिल का रन नहीं बना पाना एक बुरा संकेत है और इससे उन पर और टीम प्रबंधन पर दबाव बढ़ जाता है. वे सोच रहे होंगे कि क्या किया जाए. यह स्थिति और खराब नहीं होनी चाहिए.’
पठान ने कहा, ‘अगर उनसे फिर भी रन नहीं बन पा रहे हैं तो आप संजू सैमसन को वापस लाकर उनसे तुरंत अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं कर सकते, खासकर तब जब वह भी लय में न हों. इससे कई सवाल पैदा हो गए हैं. अगर वे सैमसन को वापस अंतिम एकादश में शामिल करते हैं, तो उनके लिए रन बनाना बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है.’
उन्होंने सूर्यकुमार की मुश्किलों का भी जिक्र किया, जो कप्तानी संभालने के बाद से कोई बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं. पठान ने कहा, ‘सूर्या पर दबाव होगा क्योंकि वह कप्तान हैं और कप्तान होने के नाते अंतिम एकादश में आपकी जगह स्वतः ही पक्की हो जाती है. एक खिलाड़ी के तौर पर अगर आपने एक साल में रन नहीं बनाए हैं, तो आप दबाव में होते हैं.’
उन्होंने कहा, ‘वर्ल्ड कप (अगले साल फरवरी-मार्च में) से पहले उन्हें अपनी फॉर्म में वापसी करनी होगी. उन्हें बल्लेबाजी की सही स्थिति और बेहतर शॉट चयन की जरूरत है. सूर्या लेग साइड की तरफ सीधी गेंद पर आउट हो रहे हैं. जब आप इस तरह से आउट हो रहे हैं तो आपको ऑफ साइड में अधिक खेलने की कोशिश करनी चाहिए.’
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.