IPL 2023: ईशान किशन-सूर्यकुमार के तूफान में उड़ा पंजाब, मुंबई इंडियंस ने हासिल किया चौथा सबसे बड़ा रन चेज

PBKS vs MI IPL 2023: मुंबई की टीम ने इस जीत के साथ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. मुंबई की टीम दो लगातार मैचों में 200 से ज्यादा का स्कोर हासिल करने वाली इस सीजन की पहली टीम बन गई है.

Published date india.com Updated: May 4, 2023 12:31 AM IST
IPL 2023: ईशान किशन-सूर्यकुमार के तूफान में उड़ा पंजाब, मुंबई इंडियंस ने हासिल किया चौथा सबसे बड़ा रन चेज
Ishan Kishan

ईशान किशन (75) और सूर्यकुमार यादव (66) की तूफानी पारियों के दम पर पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2023 के 46वें मैच में बुधवार को पंजाब किंग्स (PBKS vs MI) को 6 विकेट से हरा दिया. मुंबई की इस सीजन की यह पांचवीं जीत है.

पंजाब किंग्स ने मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 215 रन का लक्ष्य रखा था, मुंबई की टीम ने लक्ष्य को 18.5 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया. मुंबई की टीम ने इस जीत के साथ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. मुंबई की टीम दो लगातार मैचों में 200 से ज्यादा का स्कोर हासिल करने वाली इस सीजन की पहली टीम बन गई है.

214 रन का स्कोर बनाने के बाद पंजाब को अपने अनुभवी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह से काफी उम्मीदें थी. लेकिन उन्होंने 3.5 ओवर में 66 रन लुटा दिए और उन्हें केवल एक ही सफलता मिली. उनके अलावा सैम कुरेन ने भी तीन ओवर में 41 रन खर्च कर डाले.

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर लियाम लिविंगस्टोन के नाबाद 82 रन की मदद से तीन विकेट पर 214 रन बनाये. जवाब में मुंबई ने सात गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के बाद मुंबई नौ मैचों में दस अंक लेकर छठे स्थान पर पहुंच गई जबकि पंजाब दस मैचों में दस अंक लेकर सातवें स्थान पर है.

मुंबई ने पारी की तीसरी ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा का विकेट गंवा दिया लेकिन इस झटके से संभलते हुए ईशान ने 41 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 75 रन बनाये, वहीं सूर्यकुमार ने 31 गेंद में 66 रन की पारी खेली जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल थे. दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 116 रन जोड़े.

सूर्यकुमार 15वें ओवर में नाथन एलिस की गेंद पर अर्शदीप सिंह को कैच देकर लौटे जबकि अगले ही ओवर में ईशान को अर्शदीप ने रिषि धवन के हाथों लपकवाया. इसके बाद टिम डेविड और तिलक वर्मा ने संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए मुंबई को जीत तक पहुंचाया. पिछले मैच में मुंबई की जीत के नायक रहे डेविड ने 10 गेंद में 19 और तिलक ने 10 गेंद में 26 रन बनाये. तिलक ने अर्शदीप को 19वें ओवर में छक्का लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

आईपीएल में 200 + का स्कोर लगातार दो बार हासिल करने वाली टीम:

पंजाब किंग्स- साल 2014

चेन्नई सुपरकिंग्स- 2018

मुंबई इंडियंस- 2023

आईपीएल में सबसे सफल रन चेज:

224 रन राजस्थान रॉयल्स vs पंजाब किंग्स, शारजाह, साल- 2020

219 रन मुंबई इंडियंस vs चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली, साल- 2021

215 रन राजस्थान रॉयल्स vs डेक्कन चार्जर्स, साल- 2008

215 रन मुंबई इंडियंस vs पंजाब किंग्स, मोहाली, साल- 2023

इससे पहले, मुंबई की शुरूआत खराब रही और रिषि धवन ने रोहित को पहले ही ओवर में शॉर्ट के हाथेां लपकवाया, कैमरन ग्रीन 18 गेंद में 23 रन बनाकर एलिस का शिकार हुए. पंजाब की पारी का आकर्षण लिविंगस्टोन रहे जिन्होंने सत्र का पहला अर्धशतक 32 गेंदों में पूरा किया और 42 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 82 रन बनाकर नाबाद रहे. मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई के लिये अपने 200वें मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था.

पंजाब के विकेटकीपर जितेश शर्मा ने 27 गेंद में नाबाद 49 रन बनाये. दोनों ने चौथे विकेट की अटूट साझेदारी में सिर्फ 56 गेंद में 119 रन जोड़े, लिविंगस्टोन ने इंग्लैंड के अपने साथी खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर को 19वें ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े.

शर्मा ने स्पिनर पीयूष चावला या तेज गेंदबाज आर्चर किसी को नहीं बख्शा, उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाये. आर्चर ने अपने चार ओवर में 56 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.