विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास के पीछे सिलेक्शन कमेटी, दिलीप वेंगसरकर बोले- इसे श्रेय मिलना चाहिए

दोनों सीनियर बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट के पिछले सीजन में कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे. इसके बाद चयनसमिति ने संभवत: उन्हें इंग्लैंड दौरे पर नहीं ले जाने का फैसला कर लिया था.

Published date india.com Published: May 12, 2025 6:31 PM IST
Rohit Sharma Virat Kohli
रोहित शर्मा और विराट कोहली @BCCI

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने के लिए अजीत अगरकर के नेतृत्व वाली सिलेक्शन कमेटी ने इंग्लैंड दौरे से पहले कुछ बड़े फैसले लेने का मन बना लिया था. ऑस्ट्रेलिया दौरे और उससे पहले घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीनियर खिलाड़ियों के परफॉर्मेंस को देखें तो रोहित शर्मा और विराट कोहली के परफॉर्मेंस में वह आग नहीं दिख रही थी, जिसके लिए उनकी पहचान रही है. विराट ने पर्थ टेस्ट में शतक जरूर बनाया था लेकिन बाद में वह एक बार फिर संघर्ष करते दिखे. ऐसे में सिलेक्शन कमेटी ने अब कुछ कड़े फैसले लेने का मन बना लिया था.

हमेशा सुर्खियों में रहने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का चयन करना काम कभी भी आसान नहीं रहा है. पिछले कुछ अर्से में कठिन फैसले नहीं लेने के कारण चयन समितियों को ‘रीढहीन’ तक करार दिया गया. एक सप्ताह के भीतर ही हालांकि अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास में अहम भूमिका निभाकर इस धारणा को बदल दिया. निश्चित तौर पर मुख्य कोच गौतम गंभीर को भी इसकी जानकारी रही होगी.

इंग्लैंड के खिलाफ 20 जून से शुरू हो रहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के नए चक्र से पहले चयनकर्ताओं ने रोहित को अपने फैसले से अवगत करा दिया. इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के कोहली के अनुरोध को भी मान लिया. जिस देश में कोहली और रोहित जैसे ‘लीजैंड’ के संन्यास को संभालना मुश्किल काम था, चयनकर्ताओं ने दूरदर्शिता दिखाई.

चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि अगरकर और उनकी टीम को इन दोनों महान खिलाड़ियों के संन्यास से पेशेवर तरीके से निपटने के लिये सराहना मिलनी चाहिए.

उन्होंने कहा, ‘निश्चित तौर पर चयनकर्ताओं को इसका श्रेय मिलना चाहिए.’ वेंगसरकर ने आगे कहा, ‘चयन समितियों की तुलना आसान नहीं है. मैं नहीं करना चाहूंगा. हर किसी की अपनी सोच होती है.’

कोहली और रोहित के दौर से आगे निकलकर चयनकर्ताओं ने शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत जैसे युवाओं पर भरोसा जताया है. गिल अभी तक बड़ी टीमों के खिलाफ खुद को साबित नहीं कर सके हैं. उनका कप्तान और पंत का उपकप्तान बनना तय लग रहा है. केएल राहुल अतीत में टेस्ट कप्तान रह चुके हैं लेकिन चयनकर्ताओं की पसंद गिल हो सकते हैं जो राहुल से आठ साल छोटे हैं.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

रोहित और कोहली दोनों आस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में नाकाम रहे. रोहित ने तो सिडनी टेस्ट से खुद को बाहर भी कर लिया. सिडनी जैसे हालात के दोहराव से बचने के लिए चयनकर्ताओं ने सही फैसला लिया. दूसरी ओर कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ऑफ स्टम्प से बाहर जाती गेंदों को नहीं खेल पाए. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए लग रहा था कि वह इस कमजोरी से उबर चुके हैं लेकिन उन्होंने संन्यास का फैसला ले लिया.

(इनपुट: भाषा से)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.