
Bharat Malhotra
भारत मल्होत्रा के पास डिजिटल मीडिया का 17 साल का अनुभव है. आईपीएल 2008 से करियर की विधिवत शुरुआत हुई. तब से कुछ ब्रेक के साथ आईपीएल और क्रिकेट ... और पढ़ें
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भारत के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को एक सलाह दी है. रविवार 21 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर भारत ने पाकिस्तान को एशिया कप 2025 के सुपर-4 के मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया. इस मैच में अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. उन्होंने 39 गेंद पर 74 रन की पारी खेली. सहवाग ने हालांकि अभिषेक से कहा कि एक बार जब 70 के स्कोर पर पहुंच जाओ तो सेंचुरी मत मिस करो. उन्होंने यह भी कहा यह सलाह उन्हें पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने दी थी.
सहवाग ने मैच के बाद आधिकारिक प्रसारणकर्ता से कहा, ‘तुम्हारी पारी के लिए बहुत-बहुत बधाई. लेकिन मैं यह कहना चाहूंगा कि जब 70 पर पहुंच जाओ तो सेंचुरी मिस करो. मान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने मुझे यह कहा था.’ सहवाग ने आगे कहा, ‘क्योंकि जब तुम रिटायर होने के बाद अपने करियर को देखोगे तो तुम्हें 70s और 80s के स्कोर पर आउट होने का दुख होगा. तुम सोचोगे कि कितनी सेंचुरी मैं बना सकता था. ऐसे मौके बार-बार नहीं आते. तो, जब तुम्हारा दिन हो तो नॉट-आउट जाओ और अपनी टीम के लिए मैच खत्म करो.’
अभिषेक ने भी सहवाग की सलाह को याद रखने की बात कही. इसी बातचीत में ऐंकर गौरव कपूर ने कहा, ‘मैं वीरू से यही कह रहा था कि 15-20 मिनट में युवराज सिंह का फोन आ ही रहा होगा अभिषेक के पास. और वह भी यही बात समझाएंगे.’ इस पर अभिषेक ने कहा, ‘जी, वह (युवराज) मुझे कहते हैं कि एक बार छक्का मारकर रुक जाया कर. किसी दूसरे को भी मौका दिया कर.’
इस बातचीत के दौरान अभिषेक ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बर्ताव पर भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी लगभग हर गेंद के बाद शुभमन गिल और उन पर निजी टिप्पणी कर रहे थे. पाकिस्तान के पेसर शाहीन शाह अफरीदी और हारिस राऊफ भारतीय बल्लेबाजों से कई बार बेकार में ही उलझते हुए दिखाई दिए. हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों ने जुबां के साथ-साथ बल्ले से भी करारा जवाब दिया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की. और पाकिस्तानी गेंदबाजों की खूब खबर ली.
अभिषेक ने कहा, ‘पाजी, आज मैंने सोचा कि मुझे कुछ करने की जरूरत है क्योंकि जो हो रहा था वह मुझे पसंद नहीं आ रहा था. जो कुछ कहा जा रहा था… हर गेंद के बाद, वे लोग निजी हमले कर रहे थे. शुभमन गिल और मैं इस बारे में बात कर रहे थे कि हम अपनी टीम के लिए मैच जीतेंगे और उन्हें करारा जवाब देंगे.’
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 5 विकेट पर 171 का स्कोर बनाया. पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए. इसके जवाब मे भारत ने 7 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. अभिषेक के अलावा शुभमन गिल ने 48 रन बनाए. पारी के अंत में तिलक वर्मा ने 19 गेंद पर 30 रन की नाबाद पारी खेली.
एशिया कप 2025 के सुपर-4 में पाकिस्तान का अगला मैच मंगलवार 23 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ होगा. वहीं भारत को अपना अगला मैच 24 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.