Jasprit Bumrah In IPL 2026: जसप्रीत बुमराह को फिलहाल दुनिया का सबसे बेहतरीन गेंदबाज माना जा रहा है. इसकी वजह है उनकी सटीकता और बल्लेबाजों को परेशान करना. बहुत कम ही बल्लेबाज हैं जो उनके खिलाफ कुछ शॉट लगा पाते हैं वरना बुमराह सबको बांधकर ही रखते हैं. मगर आईपीएल 2026 अब तक उनके लिए बुरा साबित हुआ है, मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह न ही रन रोक पाने में सफल हो रहे हैं और न ही उन्हें विकेट मिल रहे हैं. सीजन में एमआई की असफलता का एक बड़ा कारण बुमराह की असफलता को भी माना जा रहा है.
बेअसर हो रहे हैं बुमराह
जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी का सबसे मजबूत और प्रमुख हथियार हैं. शुरुआती ओवर हों या डेथ ओवर, बुमराह के खिलाफ रन बनाना हमेशा मुश्किल होता है. बल्लेबाज उनके खिलाफ रिस्क नहीं लेते और अपनी विकेट बचाने की कोशिश करते हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनके साथ ऐसा ही होता है, लेकिन आईपीएल 2026 बुमराह के लिए बिल्कुल अलग, साधारण और निराशाजनक साबित हुआ है.
पठान ने दी ये सलाह
यॉर्कर किंग के नाम से मशहूर बुमराह की गेंदों पर आराम से रन बन रहे हैं. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने उनकी पहली गेंद पर छक्का लगा दिया था. सीजन के 5 मैचों में 19 ओवर फेंक कर 164 रन लुटाने वाले बुमराह को 1 भी विकेट हासिल नहीं हो सका है. यह परेशान करने वाला है और एमआई की लगातार हार का एक कारण भी है. इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर बुमराह की गेंदबाजी का विश्लेषण करते हुए कहा, “बुमराह को विकेट मिलना बहुत जरूरी है. उनके फॉर्म में दिक्कत नहीं है. इस सीजन में उनकी औसत गति लगभग 130 किमी/घंटा रही है. वह लगभग 44 प्रतिशत धीमी गेंद का इस्तेमाल कर रहे हैं, लगभग हर दूसरी गेंद धीमी होती है.” पठान ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर वह धीमी गेंदों की तुलना में तेज गेंद ज्यादा करेंगे तो उन्हें परिणाम मिलेंगे. यह आसान हल हो सकता है परेशानी का, बाकी बुमराह को कोचिंग की जरूरत नहीं है.”
क्या बोले आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “मैं इसमें बुमराह की कोई गलती नहीं मानता. अभी भी बुमराह बहुत रन नहीं दे रहे हैं. उनकी इकॉनमी अभी भी 10 से नीचे है. परेशानी बुमराह से पहले और बाद में गेंदबाजी करने वालों में है. वे इतने रन लुटा रहे हैं कि कोई भी बुमराह पर रिस्क नहीं लेना चाहता है. इसी वजह से उन्हें विकेट नहीं मिल रहा. टी20 क्रिकेट में अच्छी गेंद पर विकेट मिल जाए ऐसा मुश्किल होता है. बल्लेबाज जब शॉट के लिए जाएंगे, तभी विकेट मिलेगा.” (इनपुट्स: आईएएनएस)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.