गौतम गंभीर पर कपिल देव ने बोल दी बड़ी बात, बोले- वो कोच नहीं हो सकते...
टीम इंडिया हेड कोच गौतम गंभीर इन दिनों भारतीय टेस्ट की कोचिंग के लेकर अकसर सवालों में घिरे हुए हैं. उनकी कोचिंग में भारतीय टीम में लगातार कुछ स्थानों पर बदलाव देखने को मिल रहा है और टीम अपने घर पर भी संघर्ष करती दिखी है. ऐसे में कपिल देव ने कहा...
गौतम गंभीर की कोचिंग पर कपिल देव की राय @Instagram
भारतीय टीम के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर इन दिनों आलोचकों के निशाने पर नजर आते हैं. भारतीय टीम में हेड कोच की जिम्मेदारी संभालने के बाद टीम ने सीमित ओवरों की क्रिकेट में तो शानदार परफॉर्म किया है. लेकिन टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रदर्शन डामाडोल हुआ है. भारत ने गंभीर की कोचिंग में ICC चैम्पियन्स ट्रॉफी 2025 और एशिया कप 2025 (T20) का खिताब अपने नाम किया. लेकिन लाल गेंद के फॉर्मेट में संघर्ष से गंभीर आलोचकों के निशाने पर हैं. ऐसे में भारत के पूर्व कप्तान और 1983 वर्ल्ड कप में भारत को चैम्पियन बनाने वाले कपिल देव ने कहा कि गौतम गंभीर भारतीय टीम के कोच नहीं हो सकते हैं. वह टीम के मैनेजर हैं.
'अब हेड कोच की भूमिका कोचिंग देना नहीं'
कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में बात करते हुए कपिल देव ने कहा कि आज के दौर में मुख्य कोच की भूमिका खिलाड़ियों को असल में कोचिंग देने से अधिक उनका प्रबंधन’ करने की है. साउथ अफ्रीका से टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार के बाद गंभीर भारत के मुख्य कोच के तौर पर आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं. खिलाड़ियों को लगातार रोटेट करने और कामचलाऊ खिलाड़ियों पर निर्भर रहने की उनकी रणनीति की खूब आलोचना हो रही है.
गौतम गंभीर कोच नहीं मैनेजर हो सकते हैं: कपिल देव
कपिल ने कहा कि समकालीन क्रिकेट में कोच’ शब्द को अक्सर गलत समझा जाता है. कपिल देव ने इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स आईसीसी शताब्दी सत्र में कहा, 'आज वह शब्द जिसे कोच कहते हैं... कोच’ आज बहुत आम शब्द है. गौतम गंभीर कोच नहीं हो सकते. वह टीम के मैनेजर हो सकते हैं.'
'कोच से हम स्कूल कॉलेज में सीखते हैं'
अपनी इस बात को समझाते हुए उन्होंने आगे कहा, 'जब आप कोच कहते हैं तो कोच वह होता है जिससे मैं स्कूल और कॉलेज में सीखता हूं. वे लोग मेरे कोच थे. वे मुझे मैनेज कर सकते हैं.'कपिल ने कहा, 'आप कोच कैसे हो सकते हैं? गौतम लेग स्पिनर या विकेटकीपर के कोच कैसे हो सकते हैं?'
'सीनियर टीम में आप कोचिंग नहीं मैनेज करने का काम करते हैं'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि आपको मैनेज करना होगा. यह अधिक महत्वपूर्ण है. एक मैनेजर के तौर पर आप उन्हें प्रोत्साहन देते हैं कि आप यह कर सकते हैं क्योंकि जब आप मैनेजर बनते हैं तो युवा लड़के आप पर भरोसा करते हैं.'
गंभीर की कोचिंग में ICC WTC में भारत का प्रदर्शन
बता दें भारत ने ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के चौथे चक्र में भारत ने 3 टेस्ट सीरीज खेल ली हैं. इनमें से इंग्लैंड दौरे पर उसने अपनी युवा टीम के साथ 5 टेस्ट की सीरीज को 2-2 से ड्रॉ करा दिया. इसके बाद उसने अपने घर पर वेस्टइंडीज को 2-0 से धो दिया, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने घर पर ही वह 0-2 से हार गई. भारत ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 सर्कल रैंकिंग में फिलहाल छठे पायदान पर है. अब तक खेले 9 टेस्ट में 4 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ के सहारे उसे 48.15 प्रतिशत अंक हैं.
पिछली बार ICC WTC फाइनल चूक गया था भारत
इससे पहले गौतम गंभीर जब पिछले साल यानी साल 2024 में भारतीय टीम के हेड कोच बने थे तो भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में 0-3 से टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप झेला था और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उसे 1-3 से हार का सामना करना पड़ा और वह ICC WTC टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें