भारतीय टीम एशिया कप का खिताब लेकर लौटेगी, कोई एक्स फैक्टर नहीं यह टीम है खास: कपिल देव

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:September 12, 2025 10:09 PM IST

एशिया कप में रविवार को भारत चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने उतरेगा. कपिल देव ने इस मैच से पहले कहा कि भारत इस टूर्नामेंट का फेवरेट है और वह खिताब जीतकर ही लौटेगा.

भारत के पूर्व कप्तान और महान ऑलराउंडर कपिल देव एशिया कप में भारत के पहले ही मैच में ताबड़तोड़ अंदाज को देखकर उससे प्रभावित हो गए हैं. उन्होंने कहा कि इस बार यह टीम खिताब जीतकर लौटेगी और टीम की खासियत है कि वह एकजुट होकर भारत के लिए खेल रही है.ऐसे में किसी एक्स फैक्टर की बात नहीं करनी चाहिए. हमें पूरी टीम की बात करनी चाहिए. कपिल देव ने यह बात तब कही, जब उनसे मीडिया द्वारा भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान टीम इंडिया का एक्स फैक्टर पर सवाल किया गया था.

Advertising
Advertising

अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद मई में भारत ने पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था.इसके बाद पाकिस्तान की ओर से भारत पर सैन्य हमले की कोशिश की गई थी, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम करते हुए उस पर जवाबी हमलाकर उसके होश ठिकाने में ला दिए थे. इसके बाद क्रिकेट के मैदान पर दोनों देशों की यह पहली भिड़ंत है.

यहां गोल्फ के एक कार्यक्रम से इतर कपिल से यह पूछा गया कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले में वह किसे भारतीय टीम का एक्स फैक्टर’ मानते हैं, तो उन्होंने कहा, 'मैं भारतीय टीम का समर्थन कर रहा हूं. भारत एक टीम के रूप में खेलेगा और ट्रॉफी के साथ लौटेगा. यही मेरी इच्छा है और जिस तरह से वे खेल रहे हैं, मुझे यकीन है कि वे जीतकर लौटेंगे.'

खिलाड़ियों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि पूरा फोकस टीम पर होना चाहिए. किसी खिलाड़ी पर नहीं. उन्होंने कहा, 'एक टीम के रूप में भारत की बात करें, ,खिलाड़ियों की नहीं. जब एक टीम खेलती है तो पूरी टीम खेलती है. हमें खिलाड़ी विशेष के बारे में बात नहीं करनी चाहिए.'

उन्होंने कहा, 'अगर कोई अच्छा खेलता है तो वह प्रदर्शन और वह खिलाड़ी सभी की नजर में होगा. मुझे और कुछ नहीं कहना है.' भारतीय पेशेवर गोल्फ टूर (PGTI) के अध्यक्ष कपिल ने कहा कि लोगों को यह नहीं सोचना चाहिए कि कौन कप्तान है या कौन होना चाहिए. उनसे पूछा गया था कि क्या निकट भविष्य में टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को तीनों प्रारूपों में कप्तानी सौंपी जानी चाहिए.

भारत के 1983 विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान ने कहा, 'वे भारत के लिए खेल रहे हैं और यह सबसे बड़ी बात है. कप्तानी की बात है ही नहीं. आप देश की नुमाइंदगी कर रहे हैं, जो सबसे अहम है. लोग देखते हैं कि कौन कप्तान है और कौन नहीं लेकिन मैं यह देखता हूं कि सभी भारत के लिए खेल रहे हैं.'

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें