पाकिस्तान की जेल में इमरान खान के साथ हो रहे सलूक से क्रिकेट बिरादरी नाराज, कपिल देव समेत 14 पूर्व कप्तानों ने की अपील
पाकिस्तान की अडियाला जेल में बंद इमरान खान के स्वास्थ्य बिगड़ने की कई खबरें हैं. कई रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी एक आंख की 85 फीसदी रोशनी जा चुकी है.
इमरान खान @X.com
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान के साथ उनके देश की जेल में अच्छा व्यवहार नहीं हो रहा है, जिसके चलते उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. 1992 में पाकिस्तान को वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले अपने देश के नेशनल हीरो के साथ हो रहे इस व्यवहार से क्रिकेट बिरादरी भी खुश नहीं है. दुनिया के 14 नामचीन पूर्व कप्तानों ने इमरान के बिगड़े स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए पाकिस्तान सरकार से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उचित चिकित्सा और सम्मानजनक परिस्थितियां प्रदान करने का आग्रह किया है. नामचीन कप्तानों की इस फेहरिस्त में भारत के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज सुनील गावस्कर और महान भारतीय ऑलराउंडर कपिल देव भी शामिल हैं.
ऐसी खबरें आई हैं कि 1992 के वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान इमरान खान ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में उचित मेडिकल सेवाएं नहीं मिलने के कारण अपनी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि खो दी है. लगभग 14 पूर्व कप्तानों ने 'पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील' शीर्षक से पाकिस्तान सरकार को एक पत्र लिखकर इमरान के साथ उचित व्यवहार करने की मांग की.
पत्र में कहा गया है, 'हम अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और वर्ल्ड क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और कारावास की स्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पत्र लिख रहे हैं.'
इसमें कहा गया है, 'उनके स्वास्थ्य को लेकर हाल की रिपोर्टों, विशेष रूप से हिरासत में रहने के दौरान उनकी दृष्टि में खतरनाक गिरावट और पिछले ढाई वर्षों में उनकी कैद की स्थितियों ने हमें गहरी चिंता में डाल दिया है.'
पत्र के अनुसार, 'हम क्रिकेटर निष्पक्ष खेल, सम्मान और आदर के मूल्यों को समझते हैं, जो किसी तरह की सीमा से परे हैं. हम मानते हैं कि इमरान खान जैसे व्यक्ति के साथ एक पूर्व राष्ट्रीय नेता और एक वैश्विक खेल आइकन के तौर पर गरिमा और मानवीय सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए.'
इस पत्र पर माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट ने भी हस्ताक्षर किए हैं. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी.
पत्र में पूर्व कप्तानों ने 73 वर्षीय खान के लिए उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने, पारदर्शी कानूनी प्रक्रियाओं और सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है. पत्र में कहा गया है, 'हम पाकिस्तान सरकार से विनम्र निवेदन करते हैं कि वह यह तय करे कि इमरान खान को उनकी कथित स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए उनकी पसंद के योग्य विशेषज्ञों से तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए.'
पत्र के अनुसार, 'क्रिकेट हमेशा से ही देशों के बीच एक सेतु का काम करता रहा है. मैदान पर हमारा साझा इतिहास हमें याद दिलाता है कि मैच समाप्त होने के साथ ही प्रतिद्वंद्विता समाप्त हो जाती है और सम्मान कायम रहता है. इमरान खान ने अपने पूरे करियर में इसी भावना को मूर्त रूप दिया.' पत्र में अधिकारियों से 'शालीनता और न्याय' के सिद्धांतों को बनाए रखने अपील की गई है.
इन पूर्व कप्तानों ने कहा, 'यह अपील खेल भावना और मानवता की भावना से प्रेरित होकर की जा रही है और इसका कानूनी कार्यवाही पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा.'
(भाषा से)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें