कभी भारत को बनाया था वर्ल्ड चैंपियन, अब गंभीर-सूर्या की टीम को चुनौती देगा यह धुरंधर

India vs UAE: भारत एशिया कप 2025 में अपना पहला मैच यूएई के खिलाफ 10 सितंबर को खेलेगा. यूएई के कोच लालचंद राजपूत साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे.

Published date india.com Published: September 9, 2025 7:38 PM IST
कभी भारत को बनाया था वर्ल्ड चैंपियन, अब गंभीर-सूर्या की टीम को चुनौती देगा यह धुरंधर

दुबई: भारत ने जब साल 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता तो वह भारतीय टीम के मैनेजर थे. इसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान की टीम की कोचिंग की. राजपूत ऐसे कोच हैं जो कमजोर कही जाने वाली टीमों की कोचिंग करने में काफी आगे रहे हैं. उन्हें यह चुनौती हमेशा से पसंद आती रही है.

खुद को ‘खड़ूस ’ मुंबईकर बताने वाले राजपूत कुछ साल पहले जिम्बाब्वे के कोच रहे और अब एशिया कप में यूएई के कोच हैं जिसे पहले मैच में बुधवार को भारत से खेलना है.

राजपूत ने मंगलवार को यूएई के अभ्यास सत्र से इतर समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ‘मैं मुंबई से आया हूं और वह खड़ूस रवैया तो रहेगा ही. यह कभी भी मेरे भीतर से जाएगा नहीं.’

उन्होंने कहा, ‘मैं खिलाड़ियों में यह भरना चाहता हूं और सबसे बड़ी बात खुद पर यह विश्वास होना जरूरी है कि आप कर सकते हैं. यही सबसे अहम है क्योंकि टी20 क्रिकेट में आप किसी भी टीम को हरा सकते हैं.’ राजपूत ने कहा, ‘इसलिए सकारात्मक रवैया होना जरूरी है कि आखिरी गेंद तक, आखिरी रन तक और आखिरी विकेट लेने तक जुझारूपन नहीं छोड़ना है.’ 63 वर्ष के राजपूत को बीसीसीआई द्वारा किसी राष्ट्रीय टीम में कोई भूमिका नहीं दिए जाने का मलाल नहीं है. वह भारत ए के कोच भी रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘मुझे चुनौतियां पसंद है. इन छोटी टीमों के साथ काम करके और उनके विकास में मदद करके मुझे अच्छा लगता है. किसी को पता नहीं था कि अफगानिस्तान कैसी टीम है और जब मैं वहां था तब उसे टेस्ट दर्जा मिला.’

राजपूत ने कहा,‘इसके बाद मैं जिम्बाब्वे गया जिसने 2022 विश्व कप के लिए क्वॉलिफाइ किया. अब मेरे सामने यूएई की चुनौती है क्योंकि वह भी काफी समय बाद एशिया कप खेल रही है.’

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

उन्होंने कहा, ‘मेरा लक्ष्य उसे टी20 विश्व कप के लिए क्वॉलिफाइ कराना है जो अगले साल भारत में होने वाला है. मुझे चुनौतियां और इन टीमों के साथ कड़ी मेहनत करना पसंद है.’

यूएई की टीम में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी हैं लेकिन कोच ने कहा कि इसके बावजूद आपसी सद्भाव बना हुआ है हालांकि यह भी एक चुनौती है ।

उन्होंने कहा, ‘यह एक चुनौती है लेकिन मुझे लगता है कि अच्छा आपसी सद्भाव भी है. ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत अच्छा है और लगता ही नहीं कि हम अलग अलग देशों से है । हमें लगता है कि हम एक ही टीम हैं, यूएई की टीम.’

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.