LSG vs MI- मुंबई को हराकर प्लेऑफ की ओर बढ़ा लखनऊ, स्टोइनिस-मोहसिन जीत के हीरो

Indian Premier League में मंगलवार को पहले बैटिंग में मार्कस स्टोइनिस ने दमदार खेल दिखाया और जब मैच के आखिरी ओवर में लखनऊ फंसी तो फिर मोहसिन खान ने जीत दिला दी.

Published date india.com Published: May 17, 2023 1:05 AM IST
mohsin-khan-LSG
मोहसिन खान @IPL-BCCI

चोट के कारण लंबे समय बाद वापसी करते हुए तेज गेंदबाज मोहसिन खान (Mohsin Khan) ने बेहतरीन आखिरी ओवर डालकर लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) को आईपीएल के 63वें मैच में मुंबई इंडियंस पर 5 रन से रोमांचक जीत दिलाई, जिससे प्लेऑफ का उसका दावा भी पुख्ता हो गया. इससे पहले मार्कस स्टोइनिस की आईपीएल करियर की सर्वश्रेष्ठ 89 रन की नाबाद पारी के दम पर लखनऊ ने खराब शुरुआत से उबरते हुए मुश्किल पिच पर तीन विकेट पर 177 रन बनाए. जवाब में मुंबई की शुरुआत धमाकेदार रही लेकिन टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन ही बना सकी.

कंधे की चोट के कारण घरेलू सत्र से बाहर रहे मोहसिन ने आखिरी ओवर में मुंबई को 11 रन नहीं बनाने दिए. वैसे इस हार के बावजूद मुंबई प्लेआफ की दौड़ में बनी हुई है हालांकि यह उसके लिए अब बहुत मुश्किल काम है. मुंबई के लिए कप्तान रोहित शर्मा (25 गेंद में 37 रन) और ईशान किशन (39 गेंद में 59 रन) ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 58 गेंद में 90 रन जोड़े. ईशान शानदार फॉर्म में दिख रहे थे, जबकि रोहित ने भी फॉर्म में लौटने के संकेत दिए.

लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने हालांकि लगातार दो ओवरों में दोनों को पवेलियन भेजकर मुंबई को दोहरे झटके दिए. इस पिच पर आते ही ऊंचा शॉट खेलने का खामियाजा सूर्यकुमार यादव को भुगतना पड़ा. तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने उन्हें सात रन पर बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया. मुंबई को आखिरी पांच ओवर में 53 रन चाहिये थे लेकिन टिम डेविड उस तरह जीत नहीं दिला सके जैसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिलाई थी.

इससे पहले लखनऊ के लिए स्टोइनिस ने 47 गेंद की अपनी पारी में 4 चौके और 8 छक्के लगाए और एक्टिंग कैप्टन क्रुणाल पांड्या (49 रिटायर्ड हर्ट) के साथ 82 रन की साझेदारी की. इससे पहले लखनऊ ने सातवें ओवर में तीन विकेट 35 रन पर गंवा दिए थे. लखनऊ ने इस सत्र में अपने लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले काइल मायर्स को बाहर रखने का विवादित फैसला लिया जो गलत भी साबित हुआ. उनकी जगह आए दीपक हुड्डा पांच रन बनाकर जैसन बेहरेनडोर्फ का शिकार हुए. जैसन ने अगली गेंद पर प्रेरक मांकड़ को भी पवेलियन भेजा.

सातवें ओवर में क्विंटन डिकॉक के आउट होने से लखनऊ की हालत और खराब हो गई. उन्होंने 15 गेंद में 16 रन बनाए. वह पीयूष चावला की गुगली पर विकेट के पीछे ईशान किशन को कैच दे बैठे.

इसके बाद से स्टोइनिस और क्रुणाल ने मोर्चा संभाला. क्रुणाल 16वें ओवर में असहज महसूस होने के कारण रिटायर हो गए. इसके बाद स्टोइनिस ने स्पिनर रितिक शोकीन और चावला को लगातार ओवरों में छक्के जड़े. इस पिच पर स्ट्रोक्स खेलना कठिन था लेकिन स्टोइनिस ने अपनी ताकत का पूरा इस्तेमाल किया. क्रिस जोर्डन के डाले 18वें ओवर में 24 रन बने जिसमें दो छक्के और तीन चौके शामिल थे. उन्होंने पारी का अंत आकाश मढवाल को छकका लगाकर किया. मुंबई के गेंदबाजों ने आखिरी तीन ओवरों में 54 रन दे डाले.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

(एजेंसी)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.