India vs Sri Lanka T20: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने एक नया इतिहास रच दिया है. चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इस जोड़ी ने महिला टी20 क्रिकेट में 3 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया। ऐसा करने वाली वे दुनिया की पहली महिला ओपनिंग जोड़ी बन गई हैं. इससे पहले किसी भी देश की महिला जोड़ी इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाई थी.
3,107 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,107 रन जोड़ चुकी है. इस सूची में ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और बेथ मूनी की जोड़ी दूसरे स्थान पर है, जिनके नाम 2,720 रन दर्ज हैं. वहीं यूएई की ईशा ओझा और तीर्था सतीश की जोड़ी 2,579 रनों के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है. आंकड़े इस जोड़ी की निरंतरता और मजबूती को दर्शाते हैं.
भारत की सबसे बड़ी साझेदारी
रविवार को खेले गए मुकाबले में मंधाना और शेफाली ने पहले विकेट के लिए 15.2 ओवर में 162 रन जोड़े. यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी जोड़ी ने 143 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी. इस प्रदर्शन ने एक बार फिर दोनों की शानदार केमिस्ट्री साबित कर दी.
शतकीय ओपनिंग साझेदारियों में भी कमाल
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 या उससे अधिक रनों की ओपनिंग साझेदारी के मामले में मंधाना-शेफाली की जोड़ी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. इस जोड़ी ने चार बार 100 से ज्यादा रन जोड़े हैं. ऑस्ट्रेलिया की हीली-मूनी जोड़ी भी चार बार ऐसा कर चुकी है. इस सूची में यूएई की ईशा ओझा और तीर्था सतीश की जोड़ी छह शतकीय साझेदारियों के साथ शीर्ष पर है.
भारत ने खड़ा किया विशाल स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 221 रन बनाए. शेफाली वर्मा ने 48 गेंदों में 80 रन और स्मृति मंधाना ने 46 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेली. इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 16) और ऋचा घोष (नाबाद 40) ने तीसरे विकेट के लिए 53 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.