IND vs WI: भारत पर उल्टा-सीधा बोल रहे थे मोहम्मद आमिर, साथी खिलाड़ी ने बोलती बंद कर दी
भारत और वेस्टइंडीज का मैच आज खेला जाएगा. और इस मैच को कौन जीतेगा इसे लेकर पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच बहस हो गई है.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच मुकाबला होगा. यह मैच 'करो या मरो' का होगा. यानी जो इस मैच को जीतेगा वह सेमीफाइनल में जगह बनाएगा. और हारने वाली टीम का सफर वहीं समाप्त हो जाएगा. और पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक बात फिर दोहरायी है. उन्होंने कहा है कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा. लेकिन इस पर उनके साथी पैनलिस्ट ने ही उनकी बोलती बंद कर दी.
असल में, पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया. यह लगातार चौथी आईसीसी ट्रॉफी है जिसमें पाकिस्तान नॉक-आउट तक नहीं पहुंच पाया है. श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकल में खेले गए मैच में पाकिस्तान को श्रीलंका से पांच रन से जीत मिली. लेकिन उसे सेमीफाइनल में ले जाने के लिए काफी नहीं थी. पाकिस्तानी टीम ने 212 रन का स्कोर बनाया. और इसके बाद श्रीलंका ने रोमांचक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 207 रन बना लिए. इस पर पाकिस्तानी टीवी शो पर बातचीत करने के बाद भारत के मैच पर बातचीत शुरू हुई. इस शो में मोहम्मद आमिर ने कहा, 'मेरी टीम वेस्टइंडीज है. मेरा सारा ध्यान एक ही भविष्यवाणी है कि वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में जाएगी.'
आमिर ने भारतीय गेंदबाजी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, 'अगर आप देखें तो भारत के लिए सिवाय जसप्रीत बुमराह के कोई अन्य गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है. कोई इतनी अच्छी गेंदबाजी नहीं कर रहा है. और जिम्बाब्वे की टीम ने भी उनके खिलाफ 184 बना दिए. पिछले मैच में भी वेस्टइंडीज की टीम ने 90 रन पर छह विकेट खोने के बाद बड़ा स्कोर बना दिया. मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज आसानी से इंडिया को हरा देगा.'
इस पर पाकिस्तानी बल्लेबाज अहमद शहजाद ने असहमति जताई. उन्होंने कहा, 'मैं इस बात पर आमिर से सहमत नहीं है. मुझे लगता है कि भारत वेस्टइंडीज को हरा देगा तो सेमीफाइनल खेलेगा. भारत की टीम बहुत अच्छी है. वह बहुत अच्छे सिस्टम से टीम को तैयार करता है. वे अपने खिलाड़ियों को सिखाते हैं दबाव में कैसे खेलना है. पाकिस्तान से ज्यादा दबाव किसी मैच में नहीं होता. लेकिन वे इस मैच में भी बहुत अच्छा खेलते हैं. पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने बड़ा स्कोर बनाना था और उन्होंने ऐसा किया.'
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान रहे राशिद लतीफ भी इस शो पर थे. वह भी अहमद शहजाद से सहमत नजर आए. उन्होंने भी कहा कि भारत दोबारा 1996 कोलकाता में नहीं होने देगा. गौरतलब है कि भारत को श्रीलंका ने 1996 के वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हराया था.
इसके बाद अहमद शहजाद और मोहम्मद आमिर के बीच इस बयान के बाद शर्त लग गई. अहमद शहजाद ने कहा कि अगर भारतीय टीम वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में नहीं पहुंची तो वह इस शो पर नहीं आएंगे.
भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों ने सुपर 8 में अभी तक एक ही मैच जीता है. दोनों ने जिम्बाब्वे को हराया. और साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद आज का मैच बहुत अहम हो गया है. अगर किसी वजह से मैच नहीं हो पाता है और दोनों टीमों को अंक बांटने पड़ते हैं तो बेहतर रनरेट के आधार पर वेस्टइंडीज अंतिम चार में पहुंच जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें