
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
नई दिल्ली. टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) वर्ल्ड कप अभियान के बाद अब मीडिया से रू-ब-रू हुए. इस वर्ल्ड कप में शमी ने कमाल का प्रदर्शन किया और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उन्होंने यहां 7 मैच खेलकर कुल 24 विकेट अपने नाम किए, जबकि वह टूर्नामेंट के शुरुआती 4 मैचों में प्लेइंग XI का भी हिस्सा नहीं थे. इन 24 विकटों में उन्होंने 3 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए. इस बीच एक मैच में शमी का नाम कुछ ट्रोल्स ने सोशल मीडिया पर विवादों में घसीद दिया. इस पर इस तेज गेंदबाज ने अब रिएक्ट किया है.
33 वर्षीय शमी बुधवार को एजेंडा आज तक पर वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन और फाइनल में भारत की हार पर बात कर रहे थे. इस दौरान उनसे सोशल मीडिया पर मचे विवाद पर भी सवाल पूछा गया तो इस तेज गेंजबाज ने यहां भी अपनी धारदार बॉलिंग की तरह ट्रोल्स को करारा जवाब दिया. दरअसल श्रीलंका के खिलाफ जब उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए थे, तो मारे खुशी के वह घुटनों के बल पिच पर बैठ गए और उन्होंने दोनों हाथों से पिच को छू दिया.
शमी की खुशी का यह जेश्चर कुछ एंटी इंडियन ताकतों ने कैच कर लिया और सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ माहौल बना दिया. इन ट्रोल्स ने यह अफवाह फैला दी कि शमी यहां 5 विकेट लेने की खुशी में सजदा करना चाहते थे. लेकिन उन्होंने खुद को ऐसा करने से रोक दिया क्योंकि इसके खिलाफ कुछ लोग रिएक्ट कर सकते थे.
शमी ने एजेंडा आज तक पर बात करते हुए इसे बकवास करार दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है और इसके साथ ही मुस्लिम होने पर भी गर्व है. शमी ने कहा, ‘अगर मैं वहां सजदा (प्रार्थना) करना चाहता था, तो कौन मुझे रोकता? मैं किसी को प्रार्थना करने से नहीं रोकता. अगर मैं सजदा करना चाहता तो मैं करता. इसमें दिक्कत क्या है?’
इस तेज गेंदबाज ने आगे कहा, ‘मैं गर्व के साथ यह कहता हूं कि मैं मुसलमान हूं. मैं गर्व के साथ यह कहता हूं कि मैं भारतीय हूं. इसमें समस्या क्या है? अगर मुझे प्रार्थना करने के लिए किसी से इजाजत लेनी होगी तो फिर मैं इस देश में क्यों हूं? क्या इससे पहले मैंने कभी 5 विकेट हॉल लेने के बाद ऐसे सजदा किया है? मैंने कई बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं. आप मुझे बताएं मुझे कहां प्रार्थना करनी है और मैं वहां जाऊंगा और प्रार्थना करूंगा.’
उन्होंने कहा, ‘ऐसे लोग किसी की तरफ नहीं है. ये लोग बस हंगामा खड़ा करना चाहते हैं. मैं ग्रुप मैचों में 200 फीसदी क्षमता के साथ बॉलिंग कर रहा था और श्रीलंका के खिलाफ उस मैच में वह बॉलिंग कर थक सा गया था इसलिए मैं घुटनों पर बैठ गया. वहां जल्दी-जल्दी विकेट गिर रहे थे और जब मैंने 3 विकेट अपने नाम किए तो मैंने सोचा कि यहां आज 5 विकेट लेने हैं.’
उन्होंने कहा, ‘लेकिन मैं वहां थक गया था कि मुझे 3 विकेट लेने के बाद नया विकेट नहीं मिल रहा था, जबकि गेंद बल्लेबाज को खूब छका भी रही थी. उनके ऐज लगकर बॉल फील्डरों से दूर जा रही थी. मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ बॉलिंग पर था और जब मुझे मेरा 5वां विकेट मिला और मैं अपने घुटनों पर बैठ गया. लोगों ने इसका अलग ही मतलब निकाल दिया. मुझे लगता है कि जो लोग इसका गलत अर्थ निकालते हैं उनके पास कुछ और काम ही नहीं है.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.