
Ezaz Ahmad
नमस्कार! मैं एजाज अहमद (Ezaz Ahmad), 1 नवंबर 2022 से अब तक India.Com (Zee Media) में स्पोर्ट्स डेस्क पर सीनियर सब एडिटर के पद कार्यरत हूं. मैं पिछले 12 वर्षों ... और पढ़ें
नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान एमएस धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में भी टीम की कप्तानी करने के लिए तैयार हैं. धोनी की कप्तानी में पांच बार की चैंपियन सीएसके की टीम इस सीजन में अपना खिताब बचाने के लिए मैदान पर उतरेगी. धोनी को लेकर अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने एक मजेदार कहानी सुनाई है. ये कहानी अफगानिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद और धोनी को लेकर है.
भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक धोनी ने शहजाद से कहा था कि अगर वह अपना वजन 20 किलो कम कर लेंगे तो वह उन्हें आईपीएल में खिला लेंगे. हालांकि इसके उलटे अफगानी बैटर का वजन पांच किलो और ज्यादा बढ़ ही गया. असगर ने इस पूरे वाकये को टीओआई के साथ एक इंटरव्यू में बताया है. धोनी और शहजाद के बीच यह बातचीत 2018 एशिया कप के दौरान हुई थी, जब भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला टाई हो गया था.
अफगानिस्तान के पूर्व सलामी बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद ने उस टाई मुकाबले में 116 गेंदों पर 124 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था. उनकी बल्लेबाजी के दम पर अफगानिस्तान ने 252/8 का स्कोर बनाया और फिर भारत को भी 252 रन पर ऑलआउट कर दिया. शहजाद को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.
मैच के बाद अफगान ने धोनी से मुलाकात की थी और उन्हें बताया था कि शहजाद उनके कितने बड़े फैन हैं. अफगान ने कहा, ” मैच टाई होने के बाद मैंने एमएस धोनी से लंबी बातचीत की. वह एक शानदार कप्तान हैं और भारतीय क्रिकेट के लिए भगवान का उपहार हैं. वह एक अच्छे इंसान भी हैं. हमने मोहम्मद शहजाद के बारे में बहुत बात की.”
35 वर्षीय अफगानी ने आगे कहा, ” मैंने धोनी भाई से कहा कि शहजाद आपका बहुत बड़ा फैन है. धोनी ने कहा कि शहजाद का पेट बड़ा है और अगर वह 20 किलो वजन कम कर लें तो मैं उन्हें आईपीएल में ले लूंगा. लेकिन जब शहजाद सीरीज के बाद अफगानिस्तान लौटे, तो उनका वजन 5 किलो और बढ़ ही गया (हंसते हुए).”
असगर अफगान ने बताया कि टाई मैच उनके लिए सबसे अच्छा पल था. आखिरी ओवर में सात रन की जरूरत थी, लेकिन दो गेंदों पर एक रन रह गया. 25 रन पर बल्लेबाजी कर रहे रवींद्र जडेजा मैच की अंतिम गेंद पर राशिद खान की गेंद पर आउट हो गए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.