INDW VS ENGW: नेट सीवर ब्रंट- डैनी वाट की विस्फोटक पारी, भारतीय महिला टीम को मिली हार

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 197 रन बनाए, भारतीय टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन ही बना सकी.

Published date india.com Updated: December 6, 2023 10:56 PM IST
England women team
(Photo credit-@englandcricket Twitter)

मुंबई. नेट सीवर ब्रंट और डैनी वाट के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट की रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी के बाद सोफी एकल्सटन (तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी से इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की है. पहले टी-20 मैच में इंग्लैंड महिला टीम ने भारत को 38 रन से हराया. इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 197 रन बनाए, भारतीय टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. नौ दिसंबर को दूसरा टी-20 मैच खेला जाएगा. नेट सीवर ब्रंट को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

नेट सीवर ब्रंट और डैनी वाट के बीच शतकीय साझेदारी

नेट सीवर ब्रंट (53 गेंद में 77 रन, 13 चौके) और डैनी (47 गेंद में 75 रन, आठ चौके, दो छक्के) ने तीसरे विकेट के लिए उस समय 138 रन की साझेदारी की जब इंग्लैंड की टीम पहले ओवर में ही दो रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी, यह टी20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ इंग्लैंड की पहली शतकीय साझेदारी है. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, तेज गेंदबाज रेणुका ने पहले ही ओवर में लगातार गेंदों पर सोफिया डंक्ले (01) और एलिस कैप्से (00) को बोल्ड करके कप्तान के फैसले को सही साबित करने का प्रयास किया, मगर इसके बाद नेट सीवर ब्रंट और डैनी वाट ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली.

भारत की ओर से रेणुका सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए, पूजा वस्त्रकार और पदार्पण कर रही श्रेयंका पाटिल काफी महंगी साबित हुईं. दोनों ने चार-चार ओवर में समान 44 रन दिए, श्रेयंका को दो विकेट मिले जबकि पूजा की झोली खाली रही.

शेफाली वर्मा को छोड़कर कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका

लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत भी खराब रही, सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (06) तीसरे ओवर में स्किवर ब्रंट की गेंद को पूरी तरह से चूककर बोल्ड हो गई. सलामी बल्लेबाज शेफाली ने पांचवें ओवर में स्किवर ब्रंट पर तीन चौके मारे और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर पावर प्ले में टीम का स्कोर दो विकेट पर 53 रन तक पहुंचाया.

हरमनप्रीत ने नौवें ओवर में बाएं हाथ की तेज गेंदबाज फ्रेया कैंप के ओवर में एक छक्का और दो चौके मारे, सोफी एक्लेस्टोन ने हालांकि हरमनप्रीत को बोल्ड करके शेफाली के साथ उनकी 41 रन की साझेदारी तोड़ी, उन्होंने 26 रन बनाए. विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष (21) ने आते ही सारा ग्लेन पर चौके और छक्के के साथ तेवर दिखाए.

शेफाली ने लॉरेन बेल पर चौके के साथ 13वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, रिचा हालांकि इसके बाद सारा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर कैप्सी को कैच दे बैठीं, शेफाली ने इसी ओवर में एक रन के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.
भारत को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 74 रन की दरकार थी. शेफाली भी 17वें ओवर में सोफी की गेंद को हवा में लहराकर सारा को कैच दे बैठीं जिससे भारत की जीत की रही सही उम्मीद भी टूट गई. शेफाली वर्मा ने 42 गेंद में 52 रन की पारी खेली. कनिक आहूजा ने 15 रन और पूजा वस्त्राकर ने नाबाद 11 रन बनाए.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.