नई दिल्ली: अफगानिस्तान ने बुधवार से शुरू होने जा रहे एशिया कप 2023 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है. 17 सदस्यीय स्क्वॉड में तेज गेंदबाज नवीन उल हक (Naveen-ul-Haq) को शामिल नहीं किया गया है. उन्हें इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी टीम में नहीं चुना गया. नेशनल टीम से लगातार नजरअंदाज किए जाने के बाद नवीन ने सोशल मीडिया पर एक इंस्टा पोस्ट शेयर किया है. अफगानिस्तान का यह तेज गेंदबाज आईपीएल 2023 में विराट कोहली से भिड़ने के बाद से ही सुर्खियों में बना हुआ हैं.
2 साल से वनडे टीम से बाहर हैं नवीन
23 साल के नवीन दो साल से अधिक समय से अफगानिस्तान की वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने अफगानिस्तान टीम के लिए अपना पिछला वनडे जनवरी 2021 में आयरलैंड के खिलाफ खेला था. तेज गेंदबाज ने अफगानिस्तान के लिए केवल 7 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 25.42 की औसत से 14 विकेट लिए हैं.
वनडे टीम में फिर से जगह बनाने से चूकने के बाद नवीन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ” इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपकी आंखें अंधेरे के साथ कितनी अच्छी तरह से तालमेल बिठाती है. आप इसे रोशनी समझने की गलती कभी नहीं करेंगे.”
अफगानिस्तान टीम की बात करें तो नवीन के अलावा, शाहिदुल्ला कमाल और वफ़ादार मोमंद को भी स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है. राशिद खान, मोहम्मद नबी, नूर अहमद और मुजीब उर रहमान जैसे स्पिनर टीम को मजबूती देंगे.
इसके साथ ही करीम जनत, जिन्होंने आखिरी बार 6 साल पहले (फरवरी 2017 बनाम जिम्बाब्वे) अफगानिस्तान के लिए वनडे मैच खेला था, की टीम में वापसी हुई है. शराफुद्दीन अशरफ की भी जनवरी 2022 के बाद पहली बार टीम में वापसी हुई है. टीम की कमान हशमतुल्लाह शाहिदी को सौंपी गई है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.