न्यूजीलैंड ने भारत को उसके घर में ही पिलाया पानी, बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के चलते 1-2 से गंवाई सीरीज- विराट कोहली के अलावा सभी फुस्स
मेहमान टीम ने भारत के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में टीम इंडिया 46 ओवर में 296 रन ही बना पाई. विराट कोहली (124) का शतक भी भारत की हार नहीं टाल पाया.
न्यूजीलैंड ने भारत को हराया @BLACKCAPS/x
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत में वनडे सीरीज खेलने आई न्यूजीलैंड ने मेजबान टीम को 1-2 से हराकर हैरान कर दिया है. न्यूजीलैंड यहां अपनी दूसरी श्रेणी की टीम के साथ आई थी, जिसमें वह अपने टॉप खिलाड़ियों को टी20 वर्ल्ड कप से पहले आराम दे रही थी. लेकिन उसकी दूसरी श्रेणी की इस टीम ने विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों से सजी टीम को हराकर अपना दबदबा दिखा दिया है. न्यूजीलैंड की भारत में भारत के खिलाफ यह पहली वनडे सीरीज जीत है. इससे पहले उसने पिछली बार (2024) में भारत को पहली बार टेस्ट सीरीज में भी धोया था. तब भारत को कीवी टीम के खिलाफ 0-3 की हार मिली थी.
इस बार माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी वाली कीवी टीम ने केन विलियमसन, मैट हेनरी और मिशेल सेंटनर जैसे दिग्गजों की गैरमौजूदगी के बावजूद यहां जीत दर्ज की.
भारत यहां सीरीज के पहले मैच में ही जीत दर्ज कर पाया. इसके बाद उसे राजकोट और इंदौर में हार का सामना करना पड़ा. रविवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मेहमान टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 337 रन बनाए. भारत इसके जवाब में सिर्फ 296 रन ही बना पाया और उसकी पूरी टीम 46 ओवर में ही सिमट गई.
भारत की ओर से विराट कोहली (124), नीतीश कुमार रेड्डी (53) और हर्षित राणा (52) को छोड़कर बाकी कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया. भारत की शुरुआत भी खराब रही और रोहित शर्मा (11) जैक फॉल्क्स का पहला शिकार बने. कुछ देर बाद कप्तान शुभमन गिल (23) को काइल जेमीसन ने अपना शिकार बनाया. इसके बाद श्रेयस अय्यर (3) और केएल राहुल (1) भी चलते बने. 71 रन जोड़ने तक भारत ने अपने 4 विकेट गंवा दिए.
यहां एक छोर पर चेजमास्टर माने जाने वाले विराट कोहली खड़े थे लेकिन उन्हें सामने वाले छोर से टॉप ऑर्डर के किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला.
इससे पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शतकों और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रन की मजबूत साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 237 रन बनाए थे. डेरिल मिचेल ने 131 गेंद पर 3 छक्के और 15 चौके लगाते हुए 137 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स ने 88 गेंद पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 106 रन की पारी खेली. विल यंग ने 30 और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने नाबाद 28 रन बनाए.
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए. हर्षित थोड़े महंगे रहे. उन्हें 10 ओवर में 84 रन पड़ गए. अर्शदीप ने 63 रन दिए. सिराज ने 10 ओवर में 43 रन देकर 1 और कुलदीप यादव ने 6 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट लिए.
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें