Not Picked In Ipl And In Team India Now Shardul Thakur Will Play In County Cricket
IPL ऑक्शन में अनदेखी, टीम इंडिया में भी नहीं मिली जगह तो इंग्लैंड चला यह ऑलराउंडर
इस बार टीम इंडिया के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को भारतीय टेस्ट टीम में मौका नहीं मिला. इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ऑक्शन में भी उन्हें किसी टीम ने भाव नहीं दिया. अब उन्होंने इंग्लैंड जाने का फैसला कर लिया है.
लंदन. टीम इंडिया के ऑलराउंडर खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं. साल 2023 के बाद से उन्हें किसी भी फॉर्मेट में मौका नहीं मिला है. बीते साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम में चुने जाने की उन्हें बहुत उम्मीद थी क्योंकि भारत को पिछली दौरे पर सीरीज जिताने में उनकी भूमिका खास थी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इस बीच इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) के नए सीजन के लिए ऑक्शन हुआ तो भी लीग की किसी भी फ्रैंचाइजी ने उन्हें नहीं चुना. शार्दुल पिछले कुछ समय से मुंबई के लिए कई अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. अब उन्होंने इंग्लैंड जाकर खेलने का फैसला लिया है.
ठाकुर ने एसेक्स के साथ करार किया है. वह सीजन 2025 में खेली जाने वाली काउंटी चैम्पियनशिप के डिवीजन 1 के तहत होने वाले 7 मैचों में इस काउंटी टीम के लिए खेलेंगे. एसेक्स क्लब ने मंगलवार को यह घोषणा की. इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने भारत की तरफ से अब तक 11 टेस्ट, 47 वनडे और 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. वह पहली बार काउंटी चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे.
ठाकुर ने वर्तमान सत्र में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है. पिछले महीने उन्होंने जम्मू कश्मीर के खिलाफ 51 और 119 रन बनाए थे, जबकि मेघालय के खिलाफ 84 रन की तूफानी पारी खेली थी. उन्होंने मेघालय के खिलाफ हैट्रिक भी बनाई थी.
ठाकुर ने एसेक्स की वेबसाइट पर जारी बयान में कहा, ‘मैं अगले सीजन में एसेक्स की तरफ से खेलने को लेकर उत्साहित हूं. इससे मुझे नई चुनौतियों का सामना करने तथा अपनी प्रतिभा और कौशल को दिखाने का मौका मिलेगा. काउंटी क्रिकेट ऐसा है, जिसका मैं शुरू से हिस्सा बनना चाहता था और मुझे बहुत खुशी है कि मैं इसमें एसेक्स का प्रतिनिधित्व करूंगा.’
बता दें ठाकुर का ध्यान यहां से भी भारतीय टीम में वापसी पर होगा. इस बार इंडियन प्रीमियर लीग के बाद भातर को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के चौथे चरण में अपने अभियान की शुरुआत इंग्लैंड दौरे से करनी है. भारत और इंग्लैंड 20 जून से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज करेंगे. ठाकुर चाहते हैं कि वह यहां की पिचों पर खेलने का अनुभव लेकर बतौर ऑलराउंडर भारतीय टेस्ट टीम में वापसी करें.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.