NZ vs AUS: सिर्फ 13 गेंद ही चल पाया न्यूजीलैंड vs ऑस्ट्रेलिया का दूसरा टी20 मैच, बारिश ने धोए कीवियों के अरमान

NZ vs AUS 2nd T20i Washes Out: न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में 0-1 से पिछड़ी हुई है और वह सीरीज में बराबरी के मकसद से मैदान पर उतरी थी लेकिन बारिश ने यह खेल 13 गेंदें फेंके जाने के बाद ही थाम दिया और बाद में यह मैच रद्द घोषित करना पड़ा.

Published date india.com Published: October 3, 2025 6:21 PM IST
NZ vs AUS Rain
ऑस्ट्रेलिया vs न्यूजीलैंड @x

NZ vs AUS 2nd T20i Washes Out: ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमों को दूसरे टी20I मैच के बारिश में धुल जाने के चलते मैदान से मायूस लौटना पड़ा है. न्यूजीलैंड की टीम 3 मैचों की इस सीरीज में 0-1 से पीछे है और वह यहां सीरीज में बराबरी का मकसद लेकर मैदान पर उतरी थी. शुक्रवार को माउंट माउंगानुई में खेले जाने वाले इस मैच में बारिश ने शुरुआती 2.1 ओवर बाद ऐसी बाधा डाली कि फिर उसने दोबारा यह खेल शुरू ही नहीं होने दिया. लगातार बारिश के चलते इस मैच को रद्द घोषित करना पड़ा.

मैच अधिकारियों ने इस मैच के होने के सभी संभव प्रयास किए थे लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाई. बे ओवल के मैदान पर बारिश के चलते मैच में 11-11 ओवरों की कटौती की गई. इस तरह दोनों ही टीमों के पास 9-9 ओवर बल्लेबाजी का मौका था. इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. इस टीम में कप्तान माइकल ब्रेसवेल के साथ टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉन्वे, टिम रॉबिन्सन, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मैट हेनरी, बेन सियर्स, ईश सोढ़ी और जैकब डफी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया.

दूसरी ओर, मिचेल मार्श की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में ट्रेविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, टिम डेविड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, मिचेल ओवन, जेवियर बार्टलेट, सीन एबॉट, एडम जांपा और जोश हेजलवुड को स्थान दिया गया. ऑस्ट्रेलियाई टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी और दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर ही उसे ट्रेविस हेड के रूप में बड़ा झटका लगा. इस वक्त तक टीम के खाते में सिर्फ 6 ही रन जुड़े थे. हेड 3 गेंदों में 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 1 चौका शामिल था.

इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट कप्तान मिचेल मार्श का साथ देने मैदान पर उतरे, लेकिन अभी टीम के खाते में यह जोड़ी 10 ही रन जोड़ सकी थी कि बारिश ने एक बार फिर दखल दे दी. इस वक्त तक मिचेल मार्श 8 गेंदों में 1 छक्के के साथ 9 रन बना चुके थे, जबकि मैथ्यू शॉर्ट ने 2 गेंदों में इतने ही रन अपने खाते में जोड़ लिए थे. कुछ देर इंतजार के बाद मैच को रद्द करने का फैसला लिया गया.

ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज के पहले मैच को 6 विकेट से अपने नाम कर चुकी है. ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम अंतिम मुकाबले को हर हाल में जीतकर सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म करना चाहेगी. तीसरा मुकाबला 4 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाना है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

(एजेंसी: आईएएनएस)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.