Asia Cup 2025: खेल पर ध्यान दो... कपिल देव की सलाह पर अमल करे पाकिस्तान तो सुधार हो जाएगा
Kapil Dev on Pakistan: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने पाकिस्तानी टीम को सलाह दी है कि वह अपना खेल सुधारने पर ध्यान दे. भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में खेल के इतर भी काफी चीजें चर्चा में हैं.
kapil-dev-pakistan
दुबई: भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 के मुकाबले में पाकिस्तानी टीम क्रिकेट से ज्यादा अन्य बातों को लेकर चर्चा में रही. इसके बाद यूएई के खिलाफ मैच से पहले भी जो कुछ हुआ वह विवाद भी क्रिकेट से इतर ही था. इस बीच भारतीय टीम के महान कप्तान रहे कपिल देव ने कहा है कि हाथ न मिलाने के मुद्दे को जरूरत से ज्यादा तूल दी जा रही है. कपिल ने कहा कि यह निजी पसंद का मामला है. और छोटी सी बात है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए न कि इस तरह की बातों पर.
कपिल देव ने पाकिस्तान से कहा- यह छोटी-छोटी बातें हैं
कपिल ने कहा, 'ये छोटी बातें हैं. आपको क्रिकेट खेलने पर ध्यान देना चाहिए. अगर कोई हाथ नहीं मिलाना चाहता है तो दोनों टीमों को इसे बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहिए. गलतबयानी करना सही बात नहीं है. लेकिन कुछ क्रिकेटर्स ने ऐसे बयान दिए जिनका विवाद बन गया. पाकिस्तान ने अच्छा क्रिकेट नहीं खेला. उन्हें इस पर काम करने की जरूरत है. अब कोई हाथ मिलाना चाहता है या गले मिलना चाहता है, यह उसकी पसंद है.'
भारतीय टीम ने नहीं मिलाया था पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ
मामले की शुरुआत तब हुई जब भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के मैच के बाद हाथ नहीं मिलाने का फैसला किया. पाकिस्तानी खिलाड़ी और उनके मुख्य कोच भारतीय सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों का इंतजार कर रहे थे लेकिन वे हाथ मिलाने बाहर नहीं आए.
मैच रैफरी को हटाने को लेकर अड़ गया था पाकिस्तान
इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा विरोध स्वरूप मैच प्रजेंटेशन के लिए नहीं आए. पाकिस्तानी टीम इस बात पर अड़ गई कि मैच रैफरी एंडी पायक्राफ्ट को हटाया जाए. पाकिस्तानी टीम का कहना था कि पायक्रॉफ्ट ने मैच से पहले पाकिस्तानी कप्तान को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने से रोका था. इसके बाद पाकिस्तान ने पायक्राफ्ट को हटाने की मांग पर कड़ा रुख अपनाया.
पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 से हटने की भी धमकी दी. इसी वजह से वह यूएई के खिलाफ मैच के लिए एक घंटा देरी से पहुंची. हालांकि आईसीसी ने पायक्राफ्ट को पाकिस्तान के मैच से नहीं हटाया. पाकिस्तानी मीडिया में इस बात का दावा किया गया कि पायक्राफ्ट ने पाकिस्तानी टीम से माफी मांगी थी जिसके बाद ही टीम यूएई के खिलाफ खेलने पहुंची. भारत और पाकिस्तान का एशिया कप 2025 में अगला मैच 21 सितंबर को यूएई के खिलाफ होगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें