IPL 2026: अजेय पंजाब के सामने आज उतरेगा राजस्थान रॉयल्स, क्या दे पाएगा सरप्राइज

Written By: : Arun Kumar
Updated Date:April 28, 2026 11:02 AM IST

पंजाब किंग्स की टीम इस सीजन कोई मैच नहीं हारी है और 7 में से 6 मैच जीतकर वह प्वॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर बरकरार है. वहीं रॉयल्स की टीम ने शुरुआती 4 मैच जीतकर कमाल दिखाया था लेकिन पिछले 4 मैचों में वह सिर्फ 1 ही मैच जीत पाई है.

IPL 2026 में मंगलवार की शाम को राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम पंजाब किंग्स (PBKS) के घर में खेलने उतरेगी. वह सनराइजर्स हैदराबहाद से हारकर यहां पहुंची है. वहीं पंजाब किंग्स को अभी तक कोई भी टीम मात नहीं दे पाई है. यह मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा, जो हाई स्कोरिंग वेन्यू के रूप में अपनी पहचान बनाता जा रहा है. इस मैदान पर इस सीजन का यह आखिरी मुकाबला है. इसके बाद पंजाब की टीम अपने घरेलू मैच धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) के मैदान पर खेलेगी.

Advertising
Advertising

राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन अपने पहले 4 मैच जीतकर धमाकेदार शुरुआत की थी. लेकिन इसके बाद उसकी गाड़ी पटरी से उतरी दिखी है. पिछले 4 मैचों में वह सिर्फ 1 ही मैच जीत पाई है. वह भी उसने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को ही मात दी है. इसके अलावा वह सनराइजर्स हैदराबाद से अपने दोनों मैच हार गई और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से भी 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.

अब सामने ऐसी टीम है जो इस सीजन अलग ही अंदाज में खेल रही है. वह सिर्फ बड़ा स्कोर बनाना जानती है, चाहे उसे लक्ष्य लगड़ा मिले या फिर वह पहले बैटिंग करने उतरे. ऐसे में पंजाब का अजेय रथ रोकने के लिए उसे यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के अलावा उनके बैटिंग ऑर्डर में मौजूद अन्य बल्लेबाजों को भी दमखम दिखाना होगा. टीम के कप्तान रियान पराग ने अभी तक अपनी बल्लेबाजी से थोड़ा भी प्रभावित नहीं किया है. पराग ने अभी तक 8 पारियों में केवल 88 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 112.82 है. हर मैच के साथ उन पर दबाव बढ़ता जा रहा है. इसके अलावा शिमरॉन हेटमायर का भी यह सीजन साधारण ही साबित हो रहा है. ध्रुव जुरेल ने कुछ मौकों पर जरूर टीम को ताकत दी है.

पंजाब किंग्स की बात करें तो रिकी पोंटिंग का टीम का हेड कोच बनाने और श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने के बाद पंजाब किंग्स में आमूलचूल बदलाव देखने को मिले हैं और उसने तब से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. पिछले साल उसकी टीम उपविजेता रही थी और इस साल उसने शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया है.

विराट कोहली ने वर्षों तक अपनी शानदार निरंतरता के दम पर लक्ष्य का पीछा करने में माहिर यानी चेज-मास्टर’ का तमगा अपने नाम किया था और अब अय्यर भी उसी राह पर हैं. कप्तान और बल्लेबाज के रूप में उन्होंने बेहद दबाव वाली परिस्थितियों में सराहनीय धैर्य का प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स के टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहने में अहम भूमिका निभाई है.

अय्यर ने शानदार कप्तानी की है लेकिन उनकी पूरी टीम ने एकजुट होकर अपना योगदान दिया है. पंजाब किंग्स ने पिछले सत्र में आईपीएल के इतिहास के सबसे कम स्कोर का बचाव किया था और अब उसने नई दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी के बावजूद रिकॉर्ड 265 रन के लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया था.

राजस्थान रॉयल्स पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने मजबूत स्कोर का बचाव नहीं कर पाया था. उसकी फील्डिंग काफी खराब रही और सनराइजर्स ने 239 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर दिया.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें