IPL 2026: फाइनल से एक जीत दूर राजस्थान रॉयल्स, क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से होगी भिड़ंत

Written By: India.com Hindi News Desk Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:May 27, 2026 11:47 PM IST

IPL 2026 RR Vs SRH: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराया. वैभव सूर्यवंशी ने 97 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया.

IPL 2026 RR Vs SRH: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 243 रन बनाए. टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए. उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत राजस्थान ने बड़ा स्कोर खड़ा किया.

Advertising
Advertising

वैभव सूर्यवंशी ने तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 12 छक्के और 5 चौके लगाए. वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बनने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन 97 रन पर आउट हो गए. वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और हैदराबाद के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया. उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया था. इस दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने भी खेली शानदार पारी

यशस्वी जायसवाल ने भी तेज शुरुआत करते हुए 29 रन बनाए. उन्होंने वैभव के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ आठ ओवर में 125 रन जोड़ दिए. इसके बाद ध्रुव जुरेल ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 50 रन बनाए. कप्तान रियान पराग ने भी 26 रन की अहम पारी खेली. राजस्थान की टीम आखिरी ओवरों में थोड़ी धीमी जरूर पड़ी, लेकिन तब तक स्कोर 243 रन तक पहुंच चुका था.

हैदराबाद की खराब शुरुआत ने बढ़ाया दबाव

244 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही. अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ट्रेविस हेड सिर्फ 17 रन बना सके. हालांकि ईशान किशन ने 11 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेली. बाद में नीतीश कुमार रेड्डी और सलील अरोरा ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 196 रन पर ऑलआउट हो गई.

अब गुजरात टाइटंस से होगा बड़ा मुकाबला

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स अब क्वालीफायर-2 में पहुंच गई है. टीम का अगला मुकाबला GT से 29 मई को इसी मैदान पर खेला जाएगा. जो टीम यह मैच जीतेगी, वह फाइनल में RCB से भिड़ेगी. फिलहाल पूरे टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी सबसे ज्यादा चर्चा में बनी हुई है और फैंस को उनसे अगले मैच में भी बड़ी पारी की उम्मीद है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें