Duleep Trophy Final: रजत पाटीदार ने भी टेस्ट टीम वापसी की दी दस्तक, साउथ के खिलाफ शतक ठोक सेंट्रल को किया मजबूत
रजत पाटीदार ने बीते 18 महीनों से भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने आखिरी बार पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ फरवरी में कोई टेस्ट मैच खेला था.
रजत पाटीदार @X
Rajat Patidar Century in Duleep Trophy: भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे मिडल ऑर्डर बल्लेबाज रजत पाटीदार ने एक बार फिर अपनी वापसी का दावा ठोक दिया है. इन दिनों दलीप ट्रॉफी में खेल रहे मध्य जोन के इस कप्तान और बल्लेबाज ने साउथ जोन के खिलाफ शतक जमा दिया है. इस शतक के बूते टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया है.यश राठौड़ के साथ शानदार साझेदारी करते हुए उन्होंने टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया है.
रजत पाटीदार 115 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने इस पारी में दो छक्के और 12 चौके लगाए. BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर जारी इस खिताबी मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ जोन की टीम महज 149 रन पर सिमट गई. इस टीम को 27 के स्कोर पर मोहित काले (9) के रूप में पहला झटका लगा. इसके बाद टीम के लिए संभलना मुश्किल हो गया.
साउथ जोन यहां से लगातार विकेट गंवाती गई. टीम के लिए तन्मय अग्रवाल ने 76 गेंदों में तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक 31 रन बनाए. सलमान निजार ने 24 रन टीम के खाते में जोड़े, जबकि अंकित शर्मा ने 20 रन जुटाए. विपक्षी खेमे से सारांश जैन ने सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए, जबकि कुमार कार्तिकेय ने 4 शिकार किए.
इसके जवाब में सेंट्रल जोन को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. अक्षय वाडेकर ने दानिश मालेवार के साथ पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की. अक्षय 22, जबकि दानिश 53 रन बनाकर आउट हुए. सेंट्रल जोन 93 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी. यहां से कप्तान रजत पाटीदार ने यश राठौड़ के साथ चौथे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया.
दूसरे दिन सेंट्रल जोन ने 70 ओवरों के खेल तक पांच विकेट खोकर 272 रन बना लिए हैं. यश राठौड़ 72 रन बनाकर नाबाद हैं. विपक्षी टीम की ओर से गुरजपनीत सिंह तीन विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि एमडी निधीश और वासुकी कौशिक ने एक-एक विकेट लिए हैं. फिलहाल, सेंट्रल जोन के पास 123 रन की बढ़त है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें