RCB को चैम्पियन बनाने वाले रजत पाटीदार को बड़ा इनाम, मध्य प्रदेश ने सौंपी सभी फॉर्मेट की कमान
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अपनी कप्तानी में चैम्पियन बनाने वाले रजत पाटीदार पर उनकी घरेलू टीम मध्य प्रदेश ने भी हर फॉर्मेट टीम की कमान सौंपी है.
रजत पाटीदार @Instagram
अपनी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चैम्पियन बनाने वाले युवा बल्लेबाज रजत पाटीदार (Rajat Patidar) को मध्य प्रदेश ने हर फॉर्मेट में टीम की कमान सौंप दी है. उन्हें रणजी ट्रॉफी की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ ने यह ऐलान कर दिया. रणजी ट्रॉफी 2025-26 के घरेलू सीजन की शुरुआत 15 अक्टूबर को होने जा रही है.
32 वर्षीय रजत पाटीदार ने शुभम शर्मा को बतौर कप्तान रिप्लेस किया है. पाटीदार को मध्य प्रदेश के क्रिकेट निदेशक चंद्रकांत पंडित ने यह जिम्मेदारी सौंपी. रजत पाटीदार को पिछले सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान कप्तान के रूप में पहली बार आजमाया गया था. पाटीदार ने अपनी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनाया. इसके बाद मध्य प्रदेश को फाइनल तक लेकर गए, जहां टीम को मुंबई से हार का सामना करना पड़ा.
रजत पाटीदार IPL खिताब जीतने के बाद से शानदार कप्तानी कर रहे हैं. उन्होंने हाल ही में 2014-15 के बाद पहली बार सेंट्रल जोन को दलीप ट्रॉफी का चैंपियन बनाया है. हाल ही में पाटीदार ने ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया (ROI) टीम का नेतृत्व किया, जिसमें ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़ और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे बड़े नाम शामिल थे. हालांकि, इस मुकाबले में उनकी टीम को विदर्भ के हाथों 93 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी.
2024-25 के रणजी ट्रॉफी सीजन की 11 पारियों में 48.09 की औसत से 529 रन बना चुके रजत पाटीदार इस दौरान एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुके हैं. पाटीदार ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शतक जमाया है. मध्य प्रदेश 15 अक्टूबर को अपने रणजी ट्रॉफी अभियान की शुरुआत पंजाब के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगा. इसके बाद टीम 25 अक्टूबर से सौराष्ट्र को चुनौती देगी.
रणजी सीजन दो चरणों में खेला जाना है. पहला चरण 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक खेला जाएगा, जिसके बाद सीजन में व्हाइट बॉल टूर्नामेंट के लिए ब्रेक होगा. इसके बाद दूसरा चरण अगले साल 22 जनवरी से 1 फरवरी तक खेला जाएगा, जबकि नॉकआउट चरण 6 से 28 फरवरी तक आयोजित होंगे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें