Ranji Trophy सेमीफाइनल- विदर्भ की मध्य प्रदेश से भिड़ंत, करुण नायर और वेंकटेश अय्यर पर नजरें

विदर्भ के लिए करुण शानदार फॉर्म में हैं उन्होंने इस सीजन 515 रन बनाए हैं, जबकि MP के ऑलराउंडर वेंकेटश अय्यर ने 528 रन बनाए हैं. दोनों टीमों को अपने इन स्टार खिलाड़ियों से आस है.

Published date india.com Published: March 1, 2024 3:13 PM IST
Karun Nair Vidarbha
करुण नायर @vca_tweetsTwitter

नागपुर. रणजी ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल मध्य प्रदेश की टीम विदर्भ से उसके घर में उसके ही खिलाफ ताल ठोकने उतरेगी. विदर्भ के लिए VCA का मैदान उसका गढ़ है, जहां उसका प्रदर्शन शानदार रहा है. ऐसे में आत्मविश्वास से ओतप्रोत मेजबान को हराना आसान नहीं होगा. दो बार की चैम्पियन विदर्भ ने वीसीए स्टेडियम पर इस सत्र में चार मैच खेलकर तीन जीते और सौराष्ट्र के खिलाफ एकमात्र मैच गंवाया है. उसने सेना को सात विकेट से, हरियाणा को 115 रन से और कर्नाटक को क्वॉर्टर फाइनल में 127 रन से मात दी.

विदर्भ की ताकत उसके बल्लेबाजों का शानदार फॉर्म रही है. करुण नायर (515 रन), ध्रुव शोरे (496 रन) , अथर्व तायडे (488 रन) और कप्तान अक्षय वाडकर (452 रन ) सभी ने रन बनाए हैं. नागपुर की पिच बल्लेबाजों की मददगार रही है लेकिन विदर्भ के दो गेंदबाजों तेज गेंदबाज आदित्य ठाकरे और बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिलकर 68 विकेट चटकाए हैं.

दूसरी ओर 2022 की चैम्पियन मध्यप्रदेश टीम ने 8 लीग मैचों में तीन जीत दर्ज की और बाकी में पहली पारी की बढ़त हासिल की. आंध्र के खिलाफ क्वॉर्टर फाइनल में भी हार की कगार पर पहुंचकर उसने चार रन से जीत दर्ज की.

मध्यप्रदेश के लिए वेंकटेश अय्यर तुरुप का पत्ता साबित हुए हैं, जिन्होंने 528 रन बनाए. हिमांशु मंत्री ने 513 और यश दुबे ने 510 रन जोड़े हैं. लेकिन टीम को रजत पाटीदार की कमी खलेगी, जो इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम में हैं.

गेंदबाजी में कुमार कार्तिकेय ने फिरकी का अच्छा जाल बुना है. वह इस सत्र में 38 विकेट ले चुके हैं. स्पिनर सारांश जैन ने 27 और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया ने 26 विकेट चटकाए हैं. मध्यप्रदेश के पास चंद्रकांत पंडित जैसा कुशल कोच है, जो 2017-18 और 2018-19 में विदर्भ को खिताब दिला चुके हैं.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.