By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Cricket Hindi
- Ranji Trophy 2024 25 Will Bihar Cricket Be Played Again Last Time Two Teams Were Seen In Ranji Trophy
Ranji Trophy 2024-25: क्या बिहार क्रिकेट में फिर होगा खेला, पिछली बार रणजी ट्रॉफी में नजर आई थी दो-दो टीमें
रणजी ट्रॉफी 2025 के शुरु होने में केवल 5 दिन बचे है. मगर अभी तक बिहार की टीम घोषित नहीं हुई है. पिछली बार ट्रॉफी के पहले मैच में बिहार की दो टीमें मैदान पर पहुंच गई थी.
भारत की सबसे प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी 2024-25 के आगाज में अब एक हफ्ते से भी कम का समय बचा है. जिसके लिए क्रिकेट खिलाड़ी और राज्य संघ तैयारियों में जुटे हैं. लेकिन इसके उलट बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के अध्यक्ष राकेश तिवारी और बीसीए के सचिव अमित कुमार के बीच वर्चस्व की लड़ाई जारी है.
अध्यक्ष और सचिव की लड़ाई का खामियाजा बिहार के खिलाड़ियों और क्रिकेट को भुगतना पड़ रहा है. बिहार का पहला मुक़ाबला 11 अक्तूबर को हरियाणा के ख़िलाफ़ रोहतक में है, लेकिन इतना कम समय होने के बावजूद अब तक टीम का ऐलान नहीं हुआ है. इतना ही नहीं सचिव और अध्यक्ष ने टीम के चयन के लिए खिलाड़ियों को ट्रायल में आने का बुलावा भेजा है.
हैरान करने वाली बात यह है कि ये ट्रायल एक ही समय और तारीखों में अलग-अलग मैदान पर चल रहे हैं. जिन खिलाड़ियों को बुलाया गया है उनमें से कई दोनों ही ट्रायल सूची में हैं. ऐसे में खिलाड़ियों को एक बार फिर ये चिंता सता रही है कि वह किस टीम में रहेंगे और कौन सी टीम को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की तरफ से मान्यता मिलेगी. यानी ये तस्वीर बिल्कुल पिछले साल की ही तरह होने जा रही है. जब मुंबई के खिलाफ मैच से पहले कागज पर बिहार की दो अलग-अलग टीमों का चयन हुआ था.
इस बार स्थिति पहले से भी ज्यादा जटिल है क्योंकि एक तरफ बीसीए अध्यक्ष तिवारी और सीईओ मनीष राज ने लगभग 60 खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए बुलावा भेजा है. वहीं पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद लोकपाल नियुक्त किए गए जस्टिस शैलेश कुमार सिन्हा ने बीसीए सचिव कुमार को दोबारा पदभार संभालने का आदेश दिया है.
उन्हें वार्षिक जनरल मीटिंग (एजीएम) बुलाने और चयन समिति गठित करने का भी निर्देश मिला था। जिसके बाद कुमार ने 30 सितंबर को बीसीए की एजीएम की अध्यक्षता भी की और उस दौरान बिहार क्रिकेट के भविष्य और आगामी रणजी ट्रॉफ़ी के मद्देनज़र कई फैसले भी लिए. इसमें बिहार सीनियर पुरुष टीम की चयन प्रक्रिया के लिए चयन समिति का गठन भी शामिल था. इस चयन समिति का अध्यक्ष पूर्व बिहार रणजी खिलाड़ी जिशान उल यकीन को बनाया गया है. जिशान पहले भी चयन समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं. इसका मतलब यह है कि अब बिहार की रणजी क्रिकेट टीम का चयन करने के लिए दो चयन समिति है.
उल्लेखनीय है कि अब तक इन दोनों गुटों और चयन समितियों ने संभावित खिलाड़ियों की सूची भी नहीं तैयार की है, जबकि रोहतक में हरियाणा के खिलाफ होने वाले मुका बले में अब महज़ पांच दिनों का समय रह गया है. रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में भी बिहार एलीट ग्रुप में ही शामिल है. जहां उन्हें सात लीग मैच खेलने हैं. बिहार के चार मुक़ाबले बाहर जबकि तीन घर में होने वाले हैं.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें