Ranji Trophy के फाइनल में हुआ टकराव, कर्नाटक के युवा खिलाड़ी से भिड़ गए जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा- अंपायरों ने किया बीच-बचाव
पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में खेल रही जम्मू-कश्मीर की टीम के कप्तान उस वक्त मैदान पर कर्नाटक के फील्डर पर भड़क गए, जब खिलाड़ी उनका ध्यान भंग करने के लिए हूटिंग कर रहे थे. इस दौरान डोगरा ने अपने हेल्मेट से दूसरे खिलाड़ी पर वार भी कर दिया.
Updated Date:February 25, 2026 4:30 PM IST
By Arun Kumar Edited By Arun Kumar
रणजी ट्रॉफी में नया इतिहास रचने के मुहाने पर खड़ी जम्मू-कश्मीर की टीम ने शानदार लय में दिख रही है. उसने अपनी पहली पारी में 6 विकेट गंवाकर 527 रन बना लिए हैं और दूसरे दिन का खेल खराब रोशनी के कारण रुका हुआ है. दूसरे दिन दोनों टीमों के बीच कई बार गहमा-गहमी भी देखी गई, जब जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने यहां रन बनाकर कर्नाटक के गेंदबाजों का संघर्ष कड़ा कर दिया. ऐसे में कर्नाटक की टीम ने बल्लेबाजों की हूटिंग को अपना मोहरा बनाने की भी कोशिश की. एक वक्त जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा को यह रवैया पसंद नहीं आया और वह फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े फील्डर को सिर से टक्कर मार दी.
रणजी ट्रॉफी 2025-26 का यह फाइनल मुकाबला हुबली के डीआर बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. यहां मैच के दूसरे दिन सुबह-सुबह जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने तब अपना आपा खो दिया, जब कर्नाटक के फील्डर केवी अनीश बल्लेबाजों की हूटिंग कर रहे थे. डोगरा सीधे अनीश से बहस करने पहुंच गए और उनकी आंखों में आंखे डालकर बात करने लगे और इस दौरान उन्होंने हेल्मेट पहने अनीश के हेल्मेट पर अपने हेल्मेट से वार कर दिया.
इस दौरान दूसरे बल्लेबाज कन्हैया वधावन भी उनके साथ क्रीज पर मौजूद थे. यह देखकर कर्नाटक के सीनियर ओपनिंग बल्लेबाज मयंक अग्रवाल बीच में पहुंचे और उन्होंने अपने युवा खिलाड़ी का बचाव करते हुए डोगरा से बहस की. इस बीच स्थिति को संभालने के लिए मैदान पर मौजूद दोनों अंपायर भी पहुंच गए और उन्होंने डोगरा से बातचीत करने के बाद स्थिति को संभाला और फिर कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडीक्कल से भी बातचीत की.
Also Read
इसकी वजह केवी अनीश द्वारा लगातार भड़काऊ शब्दों को बताया जा रहा है. लंबे समय तक भड़काऊ शब्द सुनने के बाद डोगरा अपना आपा खो बैठे और हमलावर हो गए.हालांकि इस ओवर के बाद, जम्मू-कश्मीर के कप्ता डोगरा को अपनी गलती का अहसास भी हुआ और उन्होंने अनीश से माफी मांगी. हालांकि, अनीश माफ करने के लिए तैयार नहीं थे. इससे पहले, पहले दिन, वैशाक विजयकुमार की एक उछलती हुई बाउंसर डोगरा के ग्लव पर लगी, जिससे उन्हें पहले दिन 48 गेंदों पर 9 रन बनाकर रिटायर हर्ट होना पड़ा था.
डोगरा और अनीश के बीच हुई घटना के बाद एक और घटना हुई. तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक और वधावन एक दूसरे से टकरा गए. वधावन के सिंगल रन दौड़ने के समय यह घटना हुई. सिंगल लेने के रास्ते में उसकी बाईं कोहनी पेसर से टकरा गई. दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए. जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है और कर्नाटक को कड़ी टक्कर दे रही है.
जम्मू-कश्मीर यहां शानदार लय में दिख रही है. वहां बारिश के चलते दूसरे दिन का खेल रुका हुआ है. उसकी ओर से शुभम पुंडिर ने 121 रन बनाकर आउट हुए. अब्दुल समद 61 और यावर हसन 88 और कन्हैया वधावन 70 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान पारस डोगरा 70 के निजी स्कोर पर श्रेयस गोपाल की गेंद पर बोल्ड हो गए. साहिल लोतरा (57*) और आबिद मुश्ताक (20*) रन बनाकर नाबाद क्रीज पर डटे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Published Date:February 25, 2026 4:30 PM IST
Updated Date:February 25, 2026 4:30 PM IST