'मुझे तो पता ही नहीं था...', जडेजा को टीम से मिला बड़ा सरप्राइज, बोले- मेरे लिए बहुत खास

India vs West Indies Test Series: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो चुकी है. रविंद्र जडेजा को इस सीरीज में एक नई भूमिका दी गई है. इसे लेकर यह ऑलराउंडर बहुत उत्साहित है.

Published date india.com Published: October 2, 2025 4:18 PM IST
Ravindra-Jadeja-vice-captain
Ravindra-Jadeja-vice-captain

अहमदाबाद: वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल ही टीम के कप्तान हैं. और अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है. जडेजा ने हालांकि कहा है कि उन्हें यह जिम्मेदारी मिलने की जानकारी ही नहीं थी. गुरुवार से अहमदाबाद में शुरू हुई सीरीज से पूर्व जडेजा ने यह चौंकाने वाला खुलासा किया.

बीसीसीआई टीवी से बात करते हुए जडेजा ने कहा, “उन्होंने मुझसे कुछ नहीं कहा. बस टीम की घोषणा की और मैंने देखा कि मेरे नाम के आगे उप-कप्तान लिखा है, मैं बहुत खुश था. एक खिलाड़ी के तौर पर, जब भी आप प्रबंधन, कप्तान और कोच की ओर से किसी तरह का कोई इशारा देखते हैं, तो आपका आत्मविश्वास बढ़ता है. आपको अच्छा प्रदर्शन करने और टीम के साथ अपना अनुभव साझा करने में हमेशा खुशी होती है.

उन्होंने आगे कहा, एक खिलाड़ी के तौर पर यह मेरे लिए बहुत खास है. उन्होंने मुझे सम्मान दिया क्योंकि मैनेजमेंट, कप्तान और कोच ने मुझे कुछ अतिरिक्त जिम्मेदारी देने का फैसला किया है. मुझे यह करने में बहुत खुशी है और जब भी टीम को मेरे अनुभव की जरूरत होती है और योजना के बारे में मुझसे कुछ कहने की जरूरत होती है, तो मैं हमेशा ऐसा करने के लिए तैयार रहता हूं.

इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान इंजर्ड हुए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह रविंद्र जडेजा को भारतीय टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. जडेजा का इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन रहा था. उन्होंने 86 की बेहतरीन औसत से 516 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे.

जडेजा का नाम मौजूदा समय में टेस्ट फॉर्मेट में दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडर्स में गिना जाता है. अहमदाबाद टेस्ट से पहले खेले 85 टेस्ट मैचों में जडेजा ने 5 शतक और 27 हाफ सेंचुरी लगाते हुए 3,886 रन बनाए हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 175 रन है. वह 330 विकेट भी ले चुके हैं. एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि वह 15 बार हासिल कर चुके हैं. 42 रन देकर 7 विकेट उनका श्रेष्ठ प्रदर्शन है. मौजूदा भारतीय टीम में वह सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.