चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़: अब तक 11 लोगों की मौत, RCB का आधिकारिक बयान जारी, कोहली का भी आया रिएक्शन
RCB On Bengaluru Stampede: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर भगदड़ पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का आधिकारिक बयान सामने आया है.
बेंगलुरु: एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की पहली आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है और 50 लोग घायल हो गए. आईपीएल के 18 साल के इतिहास में पहली बार चैंपियन बनी RCB ने इस जीत का जश्न बनाने के लिए बुधवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड का आयोजन किया था. लेकिन टीम की जीत का जश्न उस समय मातम में बदल गया जब विक्ट्री परेड से पहले ही चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर अचानक भगदड़ मच गई.
इस भगदड़ पर अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का आधिकारिक बयान सामने आया है. आईपीएल फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा कि सभी लोगों की सुरक्षा टीम के लिए सबसे महत्वपूर्ण है. इसमें साथ ही ये बताया गया कि जैसे ही भगदड़ की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर कार्यक्रम की अवधि को छोटा कर दिया गया.
RCB ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा, '' आज दोपहर टीम के आगमन की प्रत्याशा में बेंगलुरु में लोगों की भीड़ के बारे में मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से हम बहुत दुखी हैं. सभी की सुरक्षा और भलाई हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है.''
फ्रेंचाइजी ने आगे कहा, '' आरसीबी दुखद मौत पर शोक व्यक्त करता है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी अपनी शोक संवेदना व्यक्त करता है. स्थिति से अवगत होने के तुरंत बाद, हमने अपने कार्यक्रम में तुरंत छोटा किया और स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन और सलाह का पालन किया. हम अपने सभी समर्थकों से आग्रह करते हैं कि कृपया सुरक्षित रहें.''
जहां एक तरफ चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ पर आरसीबी का आधिकारिक बयान आया है तो वहीं टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने इस घटना पर तीन शब्दों का कमेंट लिखा है. कोहली ने कहा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम की घटना के बारे में सुनकर वो निराश हैं. उन्होंने लिखा, "बेहद निराश हूं.''
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो में जहां एक तरह भगदड़ के दौरान अफरा-तफरी का माहौल और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भाग रहे हैं तो वहीं स्टेडियम के अंदर विराट कोहली जोर-जोर से हंसते हुए नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर इस तरह के फोटो को देखकर यूजर्स विराट पर भड़के हुए हैं.
इस बीच, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बॉरिंग अस्पताल का दौरा किया. मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में 11 लोगों के मारे जाने और 33 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की मदद देने और घायलों का सरकार की तरफ से मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें