IPL 2026 में किसने उड़ाए सबसे ज्यादा छक्के? किस बल्लेबाज ने लगाई चौकों की झड़ी
IPL 2026 Records: बेंगलुरु ने आइपीएल 2026 फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरा खिताब जीत लिया. ऐसे में चलिए आपको इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के और चौकों लगाने वाले खिलाड़ियों के नाम बताते हैं.
IPL 2026 में अगर किसी बल्लेबाज ने सबसे ज्यादा धमाल मचाया, तो वो वैभव सूर्यवंशी हैं. (Photo from IANS)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास रहा. क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर शानदार खेलते हुए गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी अपने नाम कर ली. पहले खिताब के लिए 18 साल इंतजार करने वाली बेंगलुरु अब लगातार दो सीजन की चैंपियन बन चुकी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेंगलुरु ने गुजरात को 5 विकेट से हराया. मैच का सबसे यादगार पल तब आया, जब विराट कोहली ने विजयी छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई. पूरे स्टेडियम में RCB-RCB के नारे गूंजने लगे और खिलाड़ी मैदान पर जश्न में डूब गए.
गुजरात ने दिया था 156 रनों का लक्ष्य
फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156 रनों का लक्ष्य रखा. टीम ने शुरुआत तो अच्छी की थी, लेकिन बीच के ओवरों में RCB के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की. गुजरात के बल्लेबाज लगातार बड़े शॉट खेलने में संघर्ष करते नजर आए. बेंगलुरु के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों और शानदार लाइन-लेंथ से रन गति पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया. यही वजह रही कि गुजरात बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी. जवाब में RCB ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. चलिए अब आपको बताते हैं कि इस सीजन में किस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा छक्के जड़े और किसने चौकों की बारिश की.
वैभव सूर्यवंशी बने IPL 2026 के सिक्सर किंग
IPL 2026 में अगर किसी बल्लेबाज ने सबसे ज्यादा धमाल मचाया, तो वो वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) हैं. उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और पूरे सीजन 72 छक्के उड़ाकर नया इतिहास रच दिया. वैभव इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने. उनके बाद अभिषेक शर्मा ने 43, रजत पाटीदार ने 42, रयान रिकेल्टन ने 38 और मिचेल मार्श ने 36 छक्के लगाए.
चौकों की बारिश में साई सुदर्शन सबसे आगे
जहां वैभव सूर्यवंशी छक्कों के मामले में नंबर-1 रहे, वहीं चौके लगाने में साई सुदर्शन सबसे आगे निकले. उन्होंने 17 मैचों में 75 चौके लगाए. शुभमन गिल 74 चौकों के साथ दूसरे नंबर पर रहे, जबकि विराट कोहली ने 73 चौके लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया. वैभव सूर्यवंशी ने 63 और ईशान किशन ने 60 चौके लगाए. इस सीजन बल्लेबाजों ने शानदार टाइमिंग और क्लासिकल शॉट्स से भी फैंस का दिल जीता.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें