Asia Cup 2025 से पहले रिंकू सिंह भी लय में लौटे, 27 बॉल में ठोके ताबड़तोड़ 57 रन

एशिया कप के लिए जब भारतीय टीम का ऐलान हुआ था तो रिंकू सिंह टीम में अपना नाम देखकर कुछ हैरान थे. उन्होंने कहा कि बीते एक साल से उतार-चढ़ाव भरे परफॉर्मेंस से उन्हें चयन की उम्मीद नहीं थी.

Written by: Arun Kumar
Published: August 27, 2025, 6:20 PM IST

Rinku Singh on Asia Cup 2025: एशिया कप से पहले उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (UPPL 2025) में खेल रहे मिडल ऑर्डर के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह लय में लौटते दिखे हैं. अपने घरेलू क्रिकेट संघ की लीग में मेरठ मैवरिक्स के कप्तान रहे रिंकू ने लीग के 20वें मैच में ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 57 रन ठोक दिए. उन्होंने 27 बॉल की अपनी इस पारी में 4 छक्के और 3 चौके बरसाए. उनकी इस पारी की बदौलत मेरठ ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 233 रन जुटाए.

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में टॉस जीतकर कप्तान रिंकू सिंह ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. मेरठ मैवरिक्स की टीम महज 12 रन पर अक्षय दुबे (2) का विकेट गंवा चुकी थी. यहां से स्वास्तिक चिकारा ने माधव कौशिक के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़ते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. माधव 11 गेंदों में महज पांच रन बनाकर पवेलियन लौटे.

इसके बाद स्वास्तिक चिकारा ने ऋतुराज शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 रन जुटाए. चिकारा ने 31 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 55 रन बनाए. टीम 9.2 ओवरों में तीन विकेट खोकर 73 रन बना चुकी थी. यहां से कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला. उन्होंने ऋतुराज शर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया.

रिंकू सिंह 57 रन की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे, जिसके बाद ऋतुराज शर्मा ने ऋतिक वत्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 233 के स्कोर तक पहुंचा दिया. ऋतुराज शर्मा 37 गेंदों में पांच छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 74 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ऋतिक ने 8 गेंदों में चार छक्कों और 2 चौकों के साथ 35 रन बनाए.

विपक्षी टीम की ओर से भुवनेश्वर कुमार, विपराज निगम, अभिनंदन सिंह और अक्षत पांडे ने एक-एक विकेट हासिल किया. रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ मैवरिक्स छह में से तीन मुकाबले जीतकर दूसरे पायदान पर मौजूद है. इस टीम के पास छह अंक हैं, नेट रन रेट +0.223 है.

(एजेंसी से)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.