गॉल में गरजा ऋषभ पंत का बल्ला, 100वां छक्का जड़ते ही बना डाला रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने
ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में 100 टेस्ट छक्के पूरे कर इतिहास रच दिया. चलिए आपको बताते हैं पंत से पहले 100 सिक्स लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में किस-किसका नाम शामिल है.
पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. (Photo from IANS)
- ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बने हैं
- श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में पंत ने यह खास रिकॉर्ड बनाया
- पंत ने लाहिरू कुमारा की गेंद पर छक्का जड़कर अपने 100 टेस्ट सिक्स पूरे किए
- खिलाड़ी ने अपना अर्धशतक भी सिर्फ 53 गेंदों में पूरा किया
Rishabh Pant Test Record: भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसका इंतजार लंबे समय से था. भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन पंत ने इतिहास रच डाला. वह टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. मैच से पहले पंत के नाम 97 टेस्ट सिक्स थे और उन्हें इस 100 तक पहुंचने के लिए सिर्फ तीन छक्कों की जरूरत थी. पहली पारी में उन्होंने 39 रन बनाते हुए एक छक्का लगाया और फिर दूसरी पारी में दो और छक्के लगाकर उन्होंने 100 का आंकड़ा छू लिया.
लाहिरू कुमारा की गेंद पर पंत का शानदार सिक्स
दूसरी पारी में पंत शुरुआत से ही समझदारी के साथ खेलते नजर आए. पहली पारी में वह 62 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हुए थे, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था. दूसरी पारी में उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ धैर्य दिखाया. लाहिरू कुमारा ने जब उन्हें शॉर्ट गेंदों से परेशान करने की कोशिश की, तो पंत ने कई गेंदों को छोड़ना बेहतर समझा. इसके बाद उन्होंने कुमारा की गेंद को डीप फाइन लेग के ऊपर से बाउंड्री के बाहर भेजकर अपना 100वां टेस्ट छक्का पूरा किया. इसी शॉट के साथ पंत ने 53 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया.
पंत बन गए ऐसा करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज
टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले पंत अब दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर हाल ही में संन्यास लेने वाले इंग्लैंड के बेन स्टोक्स का नाम हैं, जिन्होंने 138 छक्के लगाए. दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज और इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कोच ब्रेंडन मैकुलम हैं, जिन्होंने 107 छक्के लगाए हैं. पंत ने 100वें सिक्स के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट की बराबरी कर ली. गिलक्रिस्ट ने अपने टेस्ट करियर का अंत भी 100 छक्कों के साथ किया था.
रिवर्स स्वीप से पंत ने किया गेंदबाजों को परेशान
बता दें पंत की इस पारी की खास बात सिर्फ उनके छक्के नहीं, बल्कि उनकी शॉट सेलेक्शन भी रही. असिता फर्नांडो और लाहिरू कुमारा की बाउंसर गेंदों के खिलाफ उन्होंने बेवजह लोड नहीं लिया. वहीं ऑफ स्पिनर केशारा नुवान्था, जिन्होंने पहली पारी में पंत को आउट किया था, उनके खिलाफ भी पंत ने बड़े शॉट खेलने से परहेज किया और रिवर्स स्वीप के जरिए कई चौके बटोरे.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें