IPL में होने वाला है बड़ा खेल? ऋषभ पंत और कुलदीप यादव बदल सकते हैं टीम

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 19, 2026 11:46 PM IST

आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बड़े ट्रेड की चर्चा तेज है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषभ पंत की दिल्ली वापसी और कुलदीप यादव के एलएसजी जाने की संभावना जताई जा रही है.

क्रिकेट की दुनिया में कई बार ऐसा होता है कि एक टूर्नामेंट खत्म होते ही अगले की चर्चा तेज हो जाती है. ऐसा ही कुछ आईपीएल के अगले सीजन 2027 को लेकर देखने को मिल रहा है. दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगले आईपीएल सीजन से पहले दोनों फ्रेंचाइजियां बड़ा ट्रेड कर सकती हैं. जिसमें दो भारतीय स्टार खिलाड़ी - ऋषभ पंत और कुलदीप यादव नई टीमों में नजर आ सकते हैं.

Advertising
Advertising

ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में होगी वापसी?

रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2027 से पहले होने वाले ट्रेड विंडो में लखनऊ सुपर जायंट्स, ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स भेज सकती है. बदले में दिल्ली अपनी टीम के प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव को एलएसजी में भेज सकती है. बताया जा रहा है कि दोनों फ्रेंचाइजियां ट्रेड प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में लगी हैं और इसके बाद उन्हें BCCI की मंजूरी का इंतजार रहेगा. खास बात यह है कि पंत को एलएसजी ने आईपीएल 2025 से पहले मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था और वह लीग इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे.

कप्तानी छोड़ने के बाद चर्चाएं तेज

ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद टीम की कप्तानी छोड़ दी थी, जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. पंत की कप्तानी में एलएसजी का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. आईपीएल 2025 में टीम सातवें स्थान पर रही, जबकि 2026 में वह अंक तालिका में आखिरी यानी दसवें स्थान तक पहुंच गई. बल्लेबाजी की बात करें तो पंत का प्रदर्शन भी बहुत प्रभावशाली नहीं रहा. उन्होंने आईपीएल 2025 में 14 मैचों में 269 रन और आईपीएल 2026 में 14 मुकाबलों में 312 रन बनाए.

दिल्ली वापसी पंत के लिए हो सकती है खास

अगर यह ट्रेड पूरा होता है, तो दिल्ली कैपिटल्स में लौटना ऋषभ पंत के लिए भावनात्मक वापसी जैसा माना जाएगा. पंत 2016 से 2024 तक दिल्ली टीम का हिस्सा रहे और लंबे समय तक कप्तानी भी संभाल चुके हैं. ऐसे में यह वापसी उनके लिए पुराने माहौल और नई शुरुआत का मौका बन सकती है. दूसरी तरफ दिल्ली को भी एक ऐसे खिलाड़ी की वापसी मिल सकती है, जो टीम की पहचान का हिस्सा रह चुका है.

कुलदीप यादव के लिए भी LSG का सफर

दूसरी ओर कुलदीप यादव के एलएसजी में शामिल होने की चर्चा भी कम दिलचस्प नहीं है. हालांकि कुलदीप पहले कभी इस टीम का हिस्सा नहीं रहे, लेकिन एलएसजी उत्तर प्रदेश की फ्रेंचाइजी है और कुलदीप का संबंध भी इसी राज्य से है. इसलिए इसे उनके लिए एक तरह की घर वापसी जैसा माना जा रहा है. कुलदीप 2022 से 2026 तक लगातार दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े रहे और टीम के अहम गेंदबाजों में शामिल रहे.

(इनपुट-एजेंसी के साथ)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें