Rohit Sharmas Flop Show In Test A Look At Indian Batsmans Numbers In South Africa
टेस्ट में लगातार फ्लॉप रहा है रोहित शर्मा का बल्ला! साउथ अफ्रीका में पिछले 10 साल के सफर पर डालें नजर
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में एक पारी और 32 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा.
गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम को एक पारी और 32 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा. सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट्स पार्क में खेला गया पांच दिवसीय मुकाबला तीसरे ही दिन खत्म हो गया जब डीन एल्गर (Dean Elgar) की 185 रनों की पारी की मदद से मेजबान टीम ने 408 रन का स्कोर खड़ा किया लेकिन 163 रन के बढ़त के जवाब में मात्र 131 रन पर ऑलआउट हो गई.
भारतीय टीम की ओर से केवल विराट कोहली (Virat Kohli) ने अच्छा बल्लेबाजी प्रदर्शन किया. कोहली ने 82 गेंदो पर 72 रन की पारी खेली, जबकि पहली पारी में शतक जड़ने वाले केएल राहुल (KL Rahul) केवल चार रन बनाकर आउट हुए. हालांकि फैंस को सबसे ज्यादा निराश कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने किया जो दोनों ही पारियों में फ्लॉप रहे.
सेंचुरियन टेस्ट की पहली पारी में रोहित 14 गेंदो पर पांच रन बनाकर तेज गेंदबाज कगीसो रबाडा के खिलाफ कैच आउट हुए थे, जबकि दूसरी पारी में उन्हें खाता खोलने का मौका ही नहीं मिला. गौरतलब है कि दूसरी पारी में भी रबाडा ने ही उन्हें आउट किया. टेस्ट मैच खत्म होने के बाद फैंस ने ना केवल रोहित की कप्तानी बल्कि उनकी बल्लेबाजी पर भी सवाल उठाए.
विदेशी टेस्ट में हिट नहीं है रोहित शर्मा के आंकड़ें
रोहित के टेस्ट करियर पर अगर नजर डालें तो पिछले 2013 में डेब्यू करने के बाद से उन्होंन 53 मैचों की 90 पारियों में 45.45 की साधारण औसत से 3682 रन बनाए हैं जिसमें 10 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं. भारत में खेले 36 मैचों में रोहित का औसत 66.73 का है जबकि विदेशी जमीन पर ये घटकर 32.94 का हो जाता है.
दक्षिण अफ्रीका में कभी अर्धशतक भी नहीं बनाया
दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो पिछले दस सालों में रोहित ने इस देश में खेले पांच टेस्ट मैचों में 12.80 की निराशाजनक औसत से केवल 128 रन ही बनाए हैं. रोहित ने दक्षिण अफ्रीका में खेले टेस्ट मैचों में आज तक कोई शतक या अर्धशतक नहीं बनाया है. रोहित ने दक्षिण अफ्रीका में खेली 10 टेस्ट पारियों में 14, 6, 0, 25, 11, 10, 10, 47, 5, 0 रन बनाए हैं. इन आंकड़ों को देखने के बाद कोई ये नहीं कहेगा कि ये रोहित शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ी के नंबर हैं लेकिन सीमित ओवर फॉर्मेट और टेस्ट में हिटमैन के फॉर्म में एक बड़ा अंतर है.
Add India.com as a Preferred Source
क्या टेस्ट टीम में बरकरार रहने के काबिल हैं रोहित?
केवल एक मैच या एक सीरीज के आधार पर किसी खिलाड़ी के फॉर्म पर सवाल उठाना सही ना हो लेकिन विदेशी जमीन पर रोहित के लगातार खराब प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. जबकि उनसे बेहतर आंकड़ें होने के बावजूद अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे सीनियर बल्लेबाजों को टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया है. लेकिन यहां सवाल ये नहीं कि रोहित को टेस्ट टीम से बाहर किया जाना चाहिए या नहीं बल्कि सवाल ये है कि क्या भारतीय चयनकर्ता रोहित शर्मा को टेस्ट टीम से बाहर कर सकते हैं या नहीं?
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.