
Ezaz Ahmad
नमस्कार! मैं एजाज अहमद (Ezaz Ahmad), 1 नवंबर 2022 से अब तक India.Com (Zee Media) में स्पोर्ट्स डेस्क पर सीनियर सब एडिटर के पद कार्यरत हूं. मैं पिछले 12 वर्षों ... और पढ़ें
नई दिल्ली: मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान, विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और तेज गेंदबाज यश दयाल को बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर में 27 सितंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच की अंतिम एकादश में नहीं चुने जाने पर ईरानी कप के लिए भारतीय टीम से रिलीज किया जाना लगभग तय है.
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक से पांच अक्टूबर तक लखनऊ में रणजी चैम्पियन मुंबई के खिलाफ खेले जाने वाले ईरानी कप के लिए मंगलवार को रुतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व में शेष भारत टीम की घोषणा की. बीसीसीआई ने कहा कि ध्रुव जुरेल और यश दयाल को शेष भारत टीम में चुना गया है लेकिन ईरानी कप में उनकी भागीदारी कानपुर में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शामिल नहीं होने पर निर्भर है.
भारतीय टीम के सूत्रों के मुताबिक इस मैच में अगर ऋषभ पंत चोटिल होते हैं तो लोकेश राहुल उनकी जगह विकेटकीपर की भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में जुरेल को रिलीज करना जोखिम भरा नहीं होगा. सरफराज को अगर भारतीय एकादश में जगह नहीं मिली तो उन्हें भी ईरानी कप के लिए राष्ट्रीय टीम से रिलीज किया जा सकता है। वह अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली मुंबई टीम का हिस्सा हो सकते हैं.
बीसीसीआई ने कहा, ‘‘ सरफराज खान को दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में बरकरार रखा गया है। वह अगर कानपुर में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की एकादश का हिस्सा नहीं बनते है तो उन्हें मुंबई टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए रिलीज कर दिया जाएगा।’’
ईरानी कप के इस मैच से सर्जरी से उबरने के बाद हरफनमौला शारदुल ठाकुर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी करेंगे. इस मैच में मुंबई की टीम को श्रेयस अय्यर, मुशीर खान, शम्स मुलानी और तनुश कोटियान समेत सभी शीर्ष खिलाड़ियों की सेवाएं मिलेगी.
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे इस मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे क्योंकि इन दोनों खिलाड़ियों को बांग्लादेश के लिए छह अक्टूबर से होने वाली टी20 श्रृंखला के लिए तीन अक्टूबर को ग्वालियर पहुंचना है।
शेष भारत टीम में ईशान किशन भी हैं, जिन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के बीसीसीआई के निर्देश की अनदेखी करने के कारण पिछले सत्र में केंद्रीय अनुबंध नहीं दिया गया था. किशन ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी में शतक बनाया और घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए अपनी उत्सुकता दिखाई है.
ईरानी कप में अगर जुरेल शेष भारत के लिए खेलते हैं, तो संभावना है कि किशन बांग्लादेश के खिलाफ टी20 श्रृंखला के लिए संजू सैमसन के बाद विकेटकीपिंग के दूसरे विकल्प हों. शेष भारत टीम में अवेश खान और अर्शदीप सिंह जैसे तेज गेंदबाज भी शामिल नहीं हैं क्योंकि उनका सूर्यकुमार (भारत के कप्तान) और दुबे (मुंबई) की तरह ही टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में चुना जाना लगभग तय है.
शेष भारत की टीम: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), मानव सुथार, सारांश जैन, प्रसिद्ध कृष्णा, मुकेश कुमार, यश दयाल, रिकी भुई, शाश्वत रावत, खलील अहमद, राहुल चाहर.
मुंबई की टीम: मुंबई: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), पृथ्वी साव, आयुष म्हात्रे, मुशीर खान, सरफराज खान, श्रेयस अय्यर, सिद्धेश लाड, सूर्यांश शेडगे, हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), सिद्धांत अधात्राव (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, हिमांशु सिंह , शारदुल ठाकुर, मोहित अवस्थी, मोहम्मद जुनैद खान, रॉयस्टन डियाज.
(भाषा)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.