त्रिनिदाद: साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल में वर्षा बाधित पहला टेस्ट मुकाबला बिना किसी परिणाम के ड्रॉ हो गया. इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 357 रन का स्कोर बनाया जबकि वेस्टइंडीज की टीम 233 रन पर ही सिमट गई. दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद अपनी दूसरी पारी 3 विकेट पर 173 रन बनाकर घोषित कर दी. मैच के पांचवें और अंतिम दिन विंडीज की टीम पांच विकेट पर 201 रन ही बना सकी और मुकाबला ड्रॉ हो गया.
इस मैच में साउथ अफ्रीतका के स्पिनर केशव महाराज ने अपने नाम एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. महाराज ने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में चार-चार विकेट चटकाए. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने चौथी बार चार विकेट अपने नाम किए हैं.
बाएं हाथ के स्पिनर महाराज ने दोनों पारियों में कुल मिलाकर आठ विकेट लिए. इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज की धरती पर साउथ अफ्रीका क्रिकेट के लिए एक नया इतिहास रच दिया है. महाराज अब साउथ अफ्रीका के पहले ऐसे स्पिनर बन गए हैं, जिन्होंने वेस्टइंडीज की धरती पर एक टेस्ट मैच में 8 विकेट लिए हैं. महाराज ने आखिरी पारी के पहले ओवर में क्रैग ब्रैथवेट (0) को आउट किया. इसके बाद कैटी (31) और हॉज (29) को अपना शिकार बनाया. बाएं हाथ के स्पिनर ने अथांजे (92) को भी आउट करके उन्हें शतक बनाने से रोक दिया.
34 साल के स्पिनर ने पहली पारी में 76 रन देकर चार विकेट और दूसरी पारी में 88 रन देकर चार विकेट झटके. उन्होंने मैच में 66.2 ओवर की गेंदबाजी की और 164 रन देकर 8 विकेट निकाले. अब तक किसी भी साउथ अफ्रीकी स्पिनर ने वेस्टइंडीज में एक टेस्ट मैच में इतने विकेट नहीं लिए हैं. दिलचस्प बात यह है कि विंडीज में SA स्पिनर द्वारा पिछले सर्वश्रेष्ठ मैच के आंकड़े भी महाराज के थे. उन्होंने 2021 ग्रोस आइलेट टेस्ट में 83 रन देकर 7 विकेट निकाले थे.
महाराज का विदेश में यह तीसरा बेस्ट प्रदर्शन है. इससे पहले, उन्होंने कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ 2018 मैच में 12 विकेट लिए थे. इसके अलावा उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2017 वेलिंग्टन टेस्ट में आठ विकेट चटकाए थे. उनके अलावा ह्यूग टेफील्ड और पॉल एडम्स दक्षिण अफ्रीका के एकमात्र अन्य स्पिनर हैं जिन्होंने तीन बार किसी विदेशी टेस्ट में कम से कम आठ विकेट लिए हैं. किसी अन्य प्रोटियाज स्पिनर ने इतनी बार यह उपलब्धि हासिल नहीं की है.
महाराज के अब 51 टेस्ट मैचों में 31.43 के औसत से 166 विकेट हो गए हैं. साउथ अफ्रीका के इस स्पिनर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में दूसरा सबसे लंबा स्पेल फेंका. उन्होंने लगातार 240 गेंद यानी के 40 ओवर डाले. रे प्राइस के बाद टेस्ट क्रिकेट में यह सबसे लंबा स्पेल है. वेस्टइंडीज के खिलाफ अब उनके चार मैचों में 17.85 के औसत से 20 विकेट हो गए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.