अभी तो टीम इंडिया में सेट भी नहीं हुए संजू सैमसन, विवादों में पड़कर मुश्किल में फंसे

लिमिटेड ओवर क्रिकेट के विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन को केरल की टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी में जगह नहीं दी है. संजू ने इस टूर्नामेंट से पहले टीम के प्रशिक्षण शिवर में हिस्सा नहीं लिया था...

Written by: Arun Kumar
Published: December 19, 2024, 8:57 AM IST

नई दिल्ली. भारतीय टी20 टीम में सेट दिख रहे संजू सैमसन (Sanju Samson) वनडे टीम में जगह बनाने का मौका तलाश रहे होंगे. लेकिन इस राह में वह घरेलू क्रिकेट में अपने राज्य क्रिकेट संघ के साथ विवादों में पड़ते दिख रहे हैं. वह आगामी विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy 2024-25) का हिस्सा नहीं बन पाएंगे. केरल क्रिकेट संघ (KCA) ने उन्हें आगामी वनडे टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम में जगह नहीं दी है. यह टूर्नामेंट 21 दिसंबर से शुरू होकर 18 जनवरी तक चलेगा. संजू हाल ही में संपन्न हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT 2024) में केरल के कप्तान थे, जहां टीम नॉकआउट स्टेज में भी नहीं पहुंच पाई थी.

ट्रेनिंग कैम्प में नहीं लिया हिस्सा

दरअसल संजू को वनडे टीम में जगह नहीं मिलने की वजह यह है कि वह टूर्नामेंट से पहले आयोजित किए गए प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा नहीं बन पाए थे. हालांकि उन्होंने केसीए को ई-मेल भेजकर पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी. लेकिन केसीए ने इस टीम में उन्हीं खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा थे.

मनीष पांडे और सचिन बेबी को भी नहीं मिली जगह

संजू के अलावा केरल की टीम में सीनियर बल्लेबाज मनीष पांडे को भी जगह नहीं दी गई है. इसके अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चोटिल हुए सचिन बेबी भी इस टूर्नामेंट से बाहर हैं. सचिन बेबी रणजी टूर्नामेंट में टीम की कप्तानी कर रहे थे. विजय हजारे ट्रॉफी के लिए सलमान निजार को टीम की कमान सौंपी गई है. मनीष पांडे के टीम में नहीं चुने जाने की वजह बताते हुए केसीए ने कहा कि उसने इस टूर्नामेंट में युवाओं को मौका देना का फैसला किया है इसलिए पांडे को टीम में जगह नहीं दी गई है.

जिन खिलाड़ियों ने कैम्प में लिया हिस्सा, उन्हें ही मिली जगह

केसीए के सचिव विनोद एस. कुमार ने संजू के टीम में जगह नहीं देने के कारण बताते हुए द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘संजू ने ई-मेल भेकर वह निजी कारणों के चलते इस कैम्प में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. केसीए ने वायनाड में उनके बगैर ही यह कैम्प आयोजित किया था. स्वभाविक रूप में हमने सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों के चयन पर विचार किया जो इन प्रशिक्षण शिविरों का हिस्सा थे. इस बारे में हमारी संजू के साथ कोई चर्चा नहीं हुई है.’

विजय हजारे ट्रॉफी के लिए केरल टीम

सलमान निजार (कप्तान), रोहन कुन्नुमल, शॉन रोजर, मोहम्मद अजहरुद्दीन (विकेटकीपर), आनंद कृष्णन, कृष्णा प्रसाद, जलज सक्सेना, आदित्य सरवटे, सिजोमन जोसेफ, बासिल थम्पी, बासिल एनपी, निधिश एमडी, ईडन एप्पल टॉम, शराफुद्दीन , अखिल स्कारिया, विश्वेश्वर सुरेश, वैशाख चंद्रन, अजनास एम (विकेटकीपर).

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.