ईश्वर का आशीर्वाद, विराट, रोहित और धोनी की सीख, संजू सैमसन ने यूं लिखी बल्ले से इबारत
भारत के लिए संजू सैमसन ने कमाल की पारी खेली. इस विकेटकीपर ओपनर ने 97 रन की पारी खेली. और कहा कि यह उनके लिए पूरी दुनिया है.
Sanju Samson ने भारत के लिए खेली कमाल की पारी
नई दिल्ली: रोमारियो शेपर्ड की गेंद और संजू सैमसन ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से गेंद को बाउंड्री लाइन के पार भेजा. इसके बाद वह घुटनों पर बैठ गए. दोनों हाथ आसमान में उठाए. ऊपर वाले का शुक्रिया अदा करते हुए. वह जानते थे यह मौका बार-बार नहीं आता. और यह पल इतिहास में दर्ज हो चुका है. संजू का सिर झुका था. अदब से. वह ऐसी पारी खेल गए थे जो वह लंबे वक्त तक नहीं भूल पाएंगे.
संजू सैमसन के लिए यह वर्ल्ड कप 2026 किसी फिल्मी कहानी जैसा रहा है. वह भारत की प्लेइंग इलेवन में पहली पसंद नहीं थे. लेकिन उन्हें किस्मत से एक मैच में मौका मिला. नामीबिया के खिलाफ 8 गेंद पर 22 रन बनाए. लेकिन, इसके बाद भी उन्हें मौका नहीं मिला. पर अभिषेक शर्मा के लगातार असफल होने के बाद वह प्लेइंग इलेवन में आए. और फिर उन्होंने रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डंस मैदान पर कमाल कर दिया. सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वॉर्टर फाइनल मैच में नाबाद 97 रन की पारी ने भारत को रिकॉर्ड 196 रन के लक्ष्य तक पहुंचाया. संजू ने मैच के बाद कहा कि यह पारी उनक लिए पूरी दुनिया है. और आज उन्हें वह मौका मिला.
और ऐसा लगा कि संजू किस्मत और मेहनत का मेल लेकर उठे हैं. वह हड़बड़ी में नहीं दिखे. बाउंड्री के बाद छोर बदलने में देर नहीं की. वह टिकना चाहते थे. लंबे वक्त तक. उस लम्हे तक जब तक भारत जीत हासिल न कर ले. जहां भारत के किसी अन्य बल्लेबाज ने 27 से ज्यादा रन नहीं बनाए, संजू सैमसन शतक के करीब पहुंचे. बल्लेबाजी में लय थी. रवानगी. लगातार बहने वाली किसी नदी की तरह. जैसे, मैच के बाद वीरेंद्र सहवाग ने कहा भी, 'संजू आज जल्दबाजी में नहीं थे. वह लंबा खेलने के इरादे से उतरे लग रहे थे.'
संजू ने कहा, 'यह पारी मेरे लिए पूरी दुनिया की तरह है. जब से मैंने खेलना शुरू किया मैं देश के लिए खेलना चाहता था. यह वह पारी थी जिसका मैं इंतजार कर रहा था. यह सफर खास रहा है.' संजू का करियर सपाट नहीं रहा. कभी वह टीम में नियमित नहीं हो पाए और कभी उनका बैटिंग ऑर्डर सेट नहीं हुआ. इसका असर उनके आत्मविश्वास पर भी पड़ा. लेकिन यह खिलाड़ी लगातार प्रयास करता रहा. उन्होंने मैच के बाद कहा, 'कई उतार-चढ़ाव आते रहे, मैं खुद पर संदेह भी करता रहा, सोचता रहा कि क्या मैं यह कर पाऊंगा? लेकिन मैं ईश्वर का धन्यवाद करना चाहूंगा कि उसका आशीर्वाद आज मेरे साथ रहा.'
संजू ने अपनी पारी में टी20 वर्ल्ड कप में रनों का पीछा करते हुए किसी भारतीय बल्लेबाज की ओर से सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया. कोहली बेशक भारत के सबसे बड़े रनचेज मास्टर्स में हैं. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में 2022 में नाबाद 82 रन बनाए थे. संजू ने याद किया कि उन्होंने कोहली, रोहित और ग्रेट फिनिशर महेंद्र सिंह धोनी से काफी कुछ सीखा है. और आज उनकी पारी में वह संयम, धैर्य और गणना नजर आई.
अपनी पारी के बारे में उन्होंने कहा, 'मैं यह फॉर्मेट काफी समय से खेल रहा हूं. मैंने (विराट) कोहली, रोहित शर्मा, एमएस धोनी जैसे महान खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखा है. इससे मुझे काफी अनुभव मिला है. मैंने देखा है कि महान खिलाड़ी कैसे खेलते हैं. और वे महान खिलाड़ी परिस्थिति के हिसाब से अपने खेल को कैसे बदलते हैं. पिछले मैच में हम पहले बल्लेबाजी कर रहे थे तो मैंने पहली ही गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी करनी शुरू की. लेकिन आज का मैच अलग था.'
अपनी पारी के बारे में उन्होंने कहा, 'जब भी मैंने बड़ा शॉट खेलना चाहा दूसरे छोर पर विकेट गिर रहे थे. मैंने नहीं सोचा था कि मैं यह स्पेशल पारी खेलूंगा. लेकिन हां, यह मेरे जीवन के सर्वश्रेष्ठ दिनों में है. मैं सिर्फ वर्तमान में रहा और गेंद को उसकी काबिलियत पर खेला.'
अब भारत सेमीफाइनल में पहुंच चुका है. उसका मुकाबला 5 मार्च को इंग्लैंड से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर होगा. वहीं पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 4 मार्च को खेला जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें