वर्ल्ड कप के बीच में खुल गई शेफाली वर्मा की किस्मत- बड़े मैच से पहले अचानक टीम इंडिया में हुईं शामिल

विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा को सिलेक्टर्स ने इस बार वर्ल्ड कप योजनाओं का हिस्सा नहीं बनाया था, जबकि उन्होंने कई मौकों पर अपना शानदार फॉर्म भी दिखाया था. इस बीच प्रतीका रावल के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिल गई.

Published date india.com Updated: October 28, 2025 10:19 AM IST
Shafali Verma
शेफाली वर्मा @Instagram

भारतीय टीम महिला वर्ल्ड कप के नॉकआउट्स यानी सेमीफाइनल में पहुंच गई है और वह अपने पहले वर्ल्ड कप खिताब से सिर्फ दो जीत दूर है. इस बीच आखिरी लीग मैच में टीम के लिए तब बुरी खबर आई, जब उसकी ओपनिंग बल्लेबाज प्रतीका रावल बांग्लादेश के खिलाफ फील्डिंग करते हुए चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं. प्रतीका के चोटिल होने से शेफाली वर्मा की किस्मत का ताला खुल गया है, जिन्हें दो बड़े मुकाबलों से पहले भारतीय टीम में आने का मौका मिल गया.

प्रतीका के चोटिल होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ICC से शेष टूर्नामेंट के लिए शेफाली को टीम में शामिल करने की मंजरी मांगी थी, जिसकी मंजूरी मिल गई. शेफाली बीते एक साल से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन पा रही थीं. उन्होंने आखिरी बार 29 अक्टूबर 2024 को भारत की ओर से वनडे मैच खेला था.

शेफाली वर्मा भारतीय टीम में शामिल होने के समय सूरत में थीं. वह मंगलवार को नवी मुंबई में भारत के ट्रेनिंग कैंप से पहले रिपोर्ट करेंगी. प्रतिका रावल नवी मुंबई में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गई थीं, जिसके बाद उन्हें शेष टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है. ऐसे में बीसीसीआई ने 21 वर्षीय दाएं हाथ की बल्लेबाज शेफाली वर्मा को टीम में शामिल करने का फैसला लिया.

भारत की ओर से 29 वनडे मैच खेल चुकीं शेफाली ने 23 की औसत के साथ 644 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं. हरियाणा की कप्तान लंबे समय तक स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ीदार रही हैं, लेकिन पिछले साल अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के विरुद्ध 3 मुकाबलों की सीरीज के बाद प्रदर्शन में निरंतरता की कमी के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था.

शेफाली वर्मा ने हरियाणा के लिए 7 पारियों में 56.83 की औसत और 182.35 के स्ट्राइक रेट से 341 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं. शेफाली वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र आधिकारिक वर्ल्ड कप 2025 अभ्यास मैच के लिए भारत-A टीम में चुनी गई थीं. उन्होंने इस मुकाबले में 49 गेंदों पर 70 रनों की पारी खेली. टीम ने इस मैच को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 4 विकेट से अपने नाम किया था.

प्रतिका रावल का वर्ल्ड कप से बाहर होना भारत के लिए एक बड़ा झटका है. प्रतिका इस वर्ल्ड कप 7 मुकाबलों की 6 पारियों में 51.33 की औसत के साथ 308 रन बना चुकी हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक हाफ सेंचुरी भी निकली, जिसमें 37 चौके और 4 छक्के निकले. वह वर्ल्ड कप 2025 में सर्वाधिक रन बनाने वाली दूसरी खिलाड़ी हैं. भारतीय टीम 30 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी. ये मैच नवी मुंबई स्थित डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला जाएगा.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.