Shakib Al Hasan Will Not Play His Retirement Test Says I Am Not Going To Bangladesh Due To Security Reasons
मैदान से विदाई नहीं ले पाएंगे शाकिब अल हसन, बांग्लादेश जाने से इनकार
शाकिब अल हसन ने भारत दौरे पर अपने संन्यास का ऐलान कर दिया था. उन्होंने घर जाकर साउथ अफ्रीका के खिलाफ मीरपुर में रिटायरमेंट टेस्ट खेलने की इच्छा जताई थी. लेकिन...
नई दिल्ली. बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) अपने घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ रिटायरमेंट टेस्ट खेलना चाहते थे. लेकिन लगता है कि उनका यह सपना पूरा नहीं होगा. हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के सिलेक्टर्स ने सोमवार से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के पहले मैच के लिए टीम में चुना है लेकिन अब उन्होंने फैसला किया है कि वह घर नहीं जाएंगे. शाकिब को टीम में जगह मिलने के बाद ‘मीरपुर छात्रो जनता’ के बैनर तले स्थानीय युवाओं ने शाकिब का विरोध करने का फैसला किया है और उन्होंने BCB को यह बता दिया है कि अगर शाकिब यहां खेलने आए तो वे इसका विरोध करेंगे.
इसके बाद शाकिब ने फैसला किया है कि वह बांग्लादेश जाकर अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे. उन्हें वहां अपना परिवार सुरक्षित नहीं दिख रहा है. शाकिब ने क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइन्फो से कहा, ‘मुझे नहीं पता है कि अब मुझे कहां जाना है लेकिन यह करीब-करीब तय है कि मैं अब घर नहीं जा रहा हूं.’ शाकिब को बांग्लादेश के महान क्रिकेटर्स में शुमार किया जाता है. लेकिन वह हाल ही में भंग हुई शेख हसीना सरकार की पार्टी आवामी लीग से सांसद भी थे.
शेख हसीना बांग्लादेश में 15 साल से सत्ता संभाल रही थीं. लेकिन इस साल अगस्त में वहां तब तख्ता पलट हो गया, जब वह देश छोड़कर भारत आ गईं. यहां जुलाई से छात्र आंदोलन जारी थे, जिसमें शाकिब अल हसन ने छात्रों के समर्थन में कुछ नहीं कहा. इसके चलते छात्र उनसे नाराज हैं.
37 वर्षीय शाकिब हाल ही में टीम के भारत दौरे के दौरान बाग्लादेश टीम का हिस्सा थे. उन्होंने यहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान कानपुर टेस्ट से पहले अपने संन्यास का ऐलान किया था. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज में मौका मिलता है तो मीरपुर (सीरीज का पहला टेस्ट) टेस्ट उनके करियर का आखिरी टेस्ट होगा, जबकि टी20 वर्ल्ड कप में खेला गया बांग्लादेश का आखिरी मैच उनके टी20 करियर का भी आखिरी मैच था.
इस बीच बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के दौरान शाकिब अल हसन पर कथित रूप से हत्या के एक मामले में शामिल होने का आरोप भी है. इस संबंध में दर्ज एफआईआर में शाकिब समेत कुल 147 लोगों के नाम दर्ज हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.